जॉन अब्राहम ने भले ही गॉसिप की दुनिया से खुद को दूर कर लिया हो, लेकिन फिल्मों में पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं।
यही कारण है कि बॉलीवुड के फिल्मकार उनके साथ फिल्म बनाने के लिए न केवल इच्छुक हैं, बल्कि उनके लिए अच्छे से अच्छे रोल भी लिख रहे हैं।
फिल्मकारों के साथ जॉन के अच्छे रिश्तों का पता इस बात से भी चलता है कि इस समय वह तीन फिल्मों (वेलकम बैक, फोर्स-2 और फिर हेराफेरी-3) के सीक्वलों पर काम कर रहे हैं।
खास बात यह है कि निर्देशक नीरज वोहरा ने जॉन को अपनी फिल्म फिर हेराफेरी-3 में डबल रोल दिया है। यह पहला मौका है जब जॉन किसी फिल्म में डबल रोल निभाते नजर आएंगे।
सूत्रों के अनुसार, जॉन इस रोल से बहुत खुश हैं क्योंकि डबल रोल हमेशा एक्टरों के लिए चैलेंज की तरह होता है। जॉन इन दिनों डबल रोल को निभाने की तैयारी कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हेराफेरी और फिर हेराफेरी के बाद बन रही इस फिल्म में अक्षय कुमार नहीं हैं और उनकी जगह जॉन को लिया गया है। जबकि हेराफेरी सीरीज की पुरानी फिल्मों की जोड़ी परेश रावल और सुनील शेट्टी तीसरी कड़ी में भी मौजूद रहेंगे। नई फिल्म में अभिषेक बच्चन भी नजर आएंगे।
नीरज वोरा ने जॉन के डबल रोल की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह फिल्म में जुड़वां भाई का रोल निभा रहे हैं। दोनों भाई दिखेंगे एक जैसे मगर उनके स्वभाव में जमीन-आसमान का फर्क होगा।
जॉन इन्हीं भूमिकाओं के लिए खुद को तैयार रहे हैं। वह एक रोल में भोजपुरा बोलते भी नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग इस महीने के आखिर तक शुरू होगी। पहले मुंबई और उसके बाद दुबई और लास वेगस में सीन फिल्माए जाएंगे।