इस साल ‘मद्रास कैफे’ जैसी फिल्म देकर लोगों को चौंकाने वाले जॉन अब्राहम निर्माता के रूप में अपनी पारी से बहुत उत्साहित हैं। इससे पहले ‘विक्की डोनर’ ने उन्हें समझदार निर्माता के रूप में स्थापित कर ही दिया था।
जॉन अगले साल भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ फिल्में लाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि ऐक्टिंग कैरियर पर भी उनका पूरा ध्यान है।
अगले साल वे ‘वेलकम बैक’ में तो दिखाई देंगे ही, फिल्म ‘दोस्ताना-2’ की भी शूटिंग शुरू कर देंगे। वह कहते हैं, ‘अनीस बज्मी की वेलकम बैक की शूटिंग चल रही और दोस्ताना-2 की स्क्रिप्ट मैं पढ़ कर खूब हंसा। अभिषेक बच्चन के साथ काम करने में बहुत मजा आता है।’
अपनी प्रोडक्शन कंपनी जेए एंटरटेनमें के बारे में जॉन का कहना है कि इसकी अगली फिल्म जोरदार ऐक्शन लेकर आएगी। वह कहते हैं, ‘निशिकांत कामत के साथ ‘फोर्स’ में काम करने के बाद हमने एक तेज रफ्तार ऐक्शन की योजना बनाई है।
इसमें ‘फोर्स’ से कहीं बढ़ कर ऐक्शन और धमाल होगा।’ इस बीच उन्हें तेलगु फिल्म ‘प्रभास’ का रीमेक करने के भी अधिकार खरीदे हैं।
हिंदी में यह फिल्म ‘मिर्ची’ नाम से आएगी। जॉन के मुताबिक, ‘यह एक बेहतरीन स्क्रिप्ट है।’ वह बताते हैं कि मैं ‘जे-39’ नाम की एक अनोखी स्क्रिप्ट पर भी काम कर रहा हूं। फिलहाल इसके लिए मुझे डायरेक्टर की तलाश है।
निर्माता के रूप में कामयाब होने के बाद फिल्म इंडस्ट्री जॉन को किस तरह से देख रही है? इस पर वह कहते हैं, ‘सचमुच लोग मुझसे उम्मीद करने लगे हैं कि मैं फिल्मों का चलन बदल सकता हूं।
कुछ अच्छा लोगों को दे सकता हूं। लोगों की मुझसे उम्मीदें देख कर अच्छा भी लगता है।’