26 रुपये लेकर एक्टर बनने बंबई आ गए
बचपन से ही ओमकार को फिल्मों से गहरा लगाव हो गया। मगर परिवार के लोग, खासकर दादा जी फिल्मों में काम करने को अच्छा नहीं मानते थे। ऐसे में ओमकार घर से भाग निकले। जिस वक्त ओमकार ने घर छोड़ा, उनकी उम्र सिर्फ 18 साल थी। अपनी जेब में सिर्फ 26 रुपये लिए वह बंबई (मुंबई) आ गए।बॉलीवुड में शुरुआत में काफी संघर्ष किया। एक नामी फिल्म स्टूडियो में रिफ्लेक्टर ब्वॉय के तौर पर काम किया। आगे चलकर उन्हें फिल्म ‘फैशनेबल इंडिया’ नाम की फिल्म में काम करने का मौका मिला। फिल्मों के लिए उन्होंने अपना नाम ओमकार नाथ से जीवन भी कर लिया।
अभिनेता जीवन ने बड़े पर्दे पर निभाया नारद मुनि का किरदार
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
49 बार बने फिल्मों में नारद मुनि
अभिनेता जीवन ने अपने करियर में कई तरह के रोल किए लेकिन वह बड़े पर्दे पर सबसे ज्यादा बार नारद मुनि का रोल निभाते हुए नजर आए। एक बार अभिनेत्री तबस्सुम ने अपने चर्चित टॉक शो में जीवन से सवाल किया था? ‘आप लगभग 40 बार नारद मुनि का रोल कर चुके हैं?’ इस जीवन का जवाब था, ‘ 40 नहीं, मैं 49 बार नारद मुनि का रोल कर चुका है।’
विलेन बनकर भी खूब नाम कमाया
60 से लेकर 80 के दशक तक जीवन ने बॉलीवुड फिल्मों में विलेन के या फिर नेगेटिव रोल निभाए। विलेन के किरदार में वह खूब मशहूर हुए। फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘धर्म वीर’ जैसी फिल्मों में निभाए जीवन के विलेन के किरदार आज भी याद किए जाते हैं।
अभिनय की विरासत को बेटे ने बढ़ाया आगे
जीवन के अभिनय की विरासत को उनके बेटे किरण कुमार ने आगे बढ़ाया है। वह टीवी और फिल्मों के चर्चित अभिनेता हैं। अपने पिता जीवन के बारे में किरण कुमार एक इंटरव्यू में कहते हैं, ‘मेरे पिता का स्टाइल अलग ही था। वह अपने किरदारों को अलग ढंग से निभाते थे। कई लोगों ने मेरे पिता को कॉपी किया, आज वह लोग काफी सफल हैं।’