हीरो-हीरोइन के जूते और कपड़े लाते थे जावेद
मुंबई पहुंचने के बाद काम की तलाश में घूम रहे जावेद अख्तर ने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर भी काम किया। हालांकि, उस वक्त असिस्टेंट डायरेक्टर को ज्यादा सम्मान नहीं मिलता था। एक बार खुद जावेद अख्तर ने बताया था कि मुझे याद है जब मैं असिस्टेंट डायरेक्टर था, तो इस पद की बिल्कुल इज्जत नहीं थी। हमारा काम क्या था? 'मैडम के जूते जल्दी लाओ।' 'हीरो का कोट कहां है?' यही हमारी जिंदगी थी। आज के असिस्टेंट स्टार्स को उनके नाम से बुलाते हैं। जब मैं उन्हें देखता हूं तो डर जाता हूं। असिस्टेंट डायरेक्टर हीरो को उनके नाम से बुला रहे हैं। हम इसकी कभी कल्पना भी नहीं कर सकते थे।’
रेलवे स्टेशन और पार्क में सोकर बिताई रातें
शुरुआती दौर में जावेद अख्तर ने कमाल अमरोही के साथ काम किया। वहां महीने में सिर्फ 50 रुपये कमाए। संघर्ष के दिनों को याद करते हुए जावेद अख्तर ने डॉक्यूमेंट्री 'एंग्री यंग मेन' में बताया कि मैं कुछ दोस्तों के साथ रहता था। रेलवे स्टेशनों, पार्कों, स्टूडियो परिसरों, गलियारों, बेंचों वगैरह में सोता था। कई बार तो मैं दादर से बांद्रा तक पैदल ही जाता था, क्योंकि मेरे पास बस का किराया नहीं होता था। कई बार तो मुझे याद आता था कि मैंने दो दिन से कुछ खाया नहीं है। मैं हमेशा सोचता था कि अगर कभी मेरे बारे में कोई जीवनी लिखी जाए, तो यह एक यादगार पल होगा।
एक बार में 18 बीयर की बोतलें पी जाते थे
जावेद अख्तर किसी वक्त में बहुत ज्यादा शराब पीते थे। अपनी शराब की लत का जिक्र वो कई इंटरव्यूज में भी कर चुके हैं। एक इंटरव्यू में जावेद अख्तर ने बताया था कि मुझे व्हिस्की से एलर्जी हो गई थी, तो मैंने सोचा कि अब सिर्फ बीयर ही पीनी चाहिए। फिर मैं एक बार में 18 बीयर की बोतलें पी जाता था, लेकिन फिर लगा कि ये पेट फुलाने वाला काम कर रहा हूं, तो बीयर छोड़ दी और रम पीने लगा। यही नहीं उन्हें पीने के लिए किसी साथी की भी जरूरत नहीं थी। वो अकेले ही बैठकर पीते थे। खुद उन्होंने बताया था कि अगर कोई साथ हो तो ठीक है, नहीं तो मैं अकेले भी पी लेता था। मुझे किसी की जरूरत नहीं पड़ती थी।
इस वजह से टूटी पहली शादी
हालांकि, अब जावेद अख्तर को अपनी इस शराब की लत के चलते कई बातों को लेकर पछतावा होता है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, 'मैंने बहुत सारा वक्त बेकार में गंवा दिया। कुछ लोगों से बुरा बर्ताव किया, कुछ को निराश किया। ये बात हमेशा मेरे साथ रहेगी। शराब पीकर मैंने बहुत समय गंवाया।' यही नहीं जावेद अख्तर ने माना था कि उनकी पहली शादी टूटने की बड़ी वजह उनकी शराब की लत थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था, 'मुझे अपनी पहली शादी टूटने का अफसोस है। वो बच सकती थी, लेकिन मेरी गैर-जिम्मेदाराना सोच, शराब की लत, जब आप नशे में होते हैं तो कुछ भी बोल देते हैं, बहस करते हैं ऐसे मुद्दों पर जो बड़े होते ही नहीं। मैंने वो सारी गलतियां की हैं।' हालांकि, अब जावेद अख्तर शराब छोड़ चुके हैं।