शनिवार को जावेद अख्तर ने एक एक्स (ट्विटर) पोस्ट साझा की थी। इसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तंज कसा था। उनका अंदाज कई सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद आया तो कुछ तो यह बात चुभ गई। एक यूजर्स ने जावेद अख्तर को ही ट्रोल करने की कोशिश की। लेकिन ट्रोल की बातों का जवाब जावेद अख्तर ने बखूबी दिया।
ट्रंप पर जावेद अख्तर ने कसा तंज
अपनी एक्स (ट्विटर) पोस्ट में जावेद अख्तर ने लिखा था, ‘ट्रंप दिन-रात झूठ बोलने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने कभी न खत्म होने वाले झूठ की लिस्ट में एक और झूठ जोड़ लिया है। उनका कहना है कि मेलोनी ने उनसे एक फोटो ऑप के लिए निवेदन किया। देखिए, सबसे पहले एक कॉन्फिडेंट, हाई प्रोफाइल, पॉपुलर और एंपावर्ड महिला जो इटली जैसे महान देश की पीएम हैं, वह दुनिया के सबसे अनपॉपुलर आदमी के साथ फोटो ऑप क्यों करना चाहेंगी। सिर्फ चर्चा के लिए मान लीजिए कि यह सच में हुआ है, तो सोचिए कि किस तरह का सस्ता, बदतमीज आदमी प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह दावा करेगा।’ एक सोशल मीडिया यूजर्स को जावेद अख्तर का यह कटाक्ष रास नहीं आया तो उसने बड़ी ही वाहियात बात उनके लिए कह दी।
ट्रोल की बात का जावेद अख्तर ने दिया मुंहतोड़ जवाब
एक ट्रोल ने जावेद अख्तर की ट्रंप वाली पोस्ट पर कमेंट किया और लिखा, ‘सर आपकी कौम के भी झूठ के लिए एक शेर है मेरे पास- ‘जानते हैं हम जन्नत के हूरों की हकीकत, दिल के बहलाने के लिए ये ख्याल भी अच्छा है।’ इस पर जावेद अख्तर ने ट्रोल पर पलटवार किया और जवाब में लिखा, ‘अगर तुम्हारा छोटा, तुच्छ और कम विकसित दिमाग समझ पाता तो यह एक जानी-मानी बात है कि मैं एक नास्तिक हूं। मुझे मेरी कौम के बारे में मत बताओ। मेरी कौम सभी भारतीय हैं, उसमें तुम भी शामिल हो।’