शाहरुख खान अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने परिवार को भी उतनी ही अहमियत देते हैं। यही वजह है कि शाहरुख ने दीवाली पर रिलीज होने वाली फिल्म जब तक हैं जान को रिलीज से पहले अपने परिवार को दिखाई। खासकर अपने बेटे आर्यन को।
शाहरुख खान के बेटे आर्यन इन दिनों विदेश के बोर्डिंग स्कूल में हैं और वे छुट्टियों में घर आये थे। उन्होंने अपने पापा की इस फिल्म की काफी चर्चा सुनी थी। उनकी इच्छा थी कि वे यह फिल्म जरूर देखें। लेकिन उनकी छुट्टियां खत्म हो चुकी थीं। सो फिल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा ने जूनियर खान के बेटे की ख्वाहिश को पूरा करते हुए आर्यन के लिए एक स्पेशल स्क्रीनिंग रखवायी।
इस स्क्रीनिंग में उनके साथ उनके पापा शाहरुख तो नहीं थे लेकिन फिल्म की दो अभिनेत्रियां अनुष्का और कैटरीना जरूर थीं। साथ ही परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आर्यन ने कहा कि उन्हें यह फिल्म उम्मीद के अनुरूप लगी। शाहरुख ने भी अपने बेटे से विदेश रवाना होने से पहले फिल्म के बारे में प्रतिक्रिया ली और बेटे ने पापा को बताया कि फिल्म अच्छी है।
वैसे बेटे की इस प्रतिक्रिया के बाद शाहरुख ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि अब उनका बेटा काफी समझदार हो गया है। शाहरुख ने यह भी बताया कि उनके बेटे को रोमांटिक नहीं बल्कि रॉ-वन जैसी फिल्में पसंद आती हैं।