यश चोपड़ा की पत्नी ने यश चोपड़ा निर्देशित आखिरी फिल्म जब तक है जान का प्रीमियर भव्यतम करने का निर्णय लिया है। पत्नी पैम चोपड़ा आगे बढ़कर इस आयोजन की तैयारियों में लग गई हैं। संभवतः यह प्रीमियर फिल्म रिलीज के एक दिन पहले 12 नवंबर को होगा। इस प्रीमियर में हिंदी फिल्मी इंडस्ट्री के हर क्षेत्र से जुड़े लोगों को बुलाया जाएगा।
पामेला ने एक बयान में कहा, मैं अपने पति को एक यादगार विदाई देना चाहती हूं। इसीलिए हमने निर्णय किया है कि उनकी इस बेमिसाल फिल्म 'जब तक है जान' के लिए हम शानदार प्रीमियर का आयोजन करें। मैने अपने दोनों बेटों आदित्य और उदय को बोला है कि वो सारी तैयारियां पूरी करें।
बॉलीवुड के किंग ऑफ रोमांस की विदाई भी पैम रोमांटिक और शानदार तरीके से करना चाहती है। पैम चाहती हैं कि वो यश चोपड़ा की आखिरी फिल्म जब तक है जान का एक बहुत ही शानदार प्रीमियर करें ठीक वैसे ही जैसा कि वो चाहते थे। जाते जाते यश जी तो अपनी आखिरी फिल्म को बड़े परदे पर नहीं देख सके लेकिन उनकी पत्नी उनकी इस आखिरी ख्वाइश को पूरा करना चाहती हैं।