बी टाउन में खबर है कि अजय देवगन और शाहरुख खान की फिल्मों के टक्कर के बाद अब रणबीर कपूर की फिल्म 'बेशरम' और सलमान खान की फिल्म 'मेंटल' में टक्कर होगी।
यह भी चर्चा इन फिल्मों की वजह से सलमान खान और रणबीर कपूर के रिश्तों की खटास और बढ़नेवाली है।
यह सच है कि सलमान की फिल्म 'मेंटल' और 'बेशरम' की रिलीज तारीख एक ही है। दोनों ही फिल्में अक्तूबर में रिलीज हो रही हैं।
हालांकि सलमान की फिल्म की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है और उन्होंने आधिकारिक तौर पर इस बात की घोषणा भी नहीं की है कि उनकी फिल्म अक्तूबर में रिलीज होगी।
लेकिन फिल्म से जुड़े सूत्र बताते हैं कि फिल्म अक्तूबर में रिलीज होगी और हो सकता है कि रणबीर कपूर की फिल्म के साथ यह फिल्म क्लैश करे।
इस बारे में फिलहाल सलमान ने चुप्पी साध रखी है। न वह यह कह रहे हैं कि यह अफवाह है और न ही वह रिलीज की तय तारीख बता रहे हैं।
लेकिन रणबीर कपूर ने इस बारे में कहा है कि वे किसी भी तरह से सलमान से कोई कंप्टीशन नहीं करना चाहते। चूंकि वे जानते हैं कि सलमान खान उनसे बड़े सुपरस्टार हैं।
चर्चा यह है कि सलमान खान मेंटल को 'बेशरम' के साथ इसलिए रिलीज कर रहे हैं, क्योंकि 'बेशरम' के निर्देशक अभिनव कश्यप हैं और अभिनव कश्यप से सलमान खान के रिश्ते बिगड़ चुके हैं।
तो, सलमान अपने स्टारडम का लोहा दरअसल, रणबीर कपूर को नहीं बल्कि अभिनव कश्यप को दिखाना चाहते हैं।
अब किस बात में क्या सच्चाई है और वाकई मेंटल कब रिलीज होती है। यह तो सलमान खान ही बता सकते हैं।