'हाई-फाई स्कूल में पढ़ेगा इंडिया, तभी तो आगे बढ़ेगा इंडिया', आप भले इस बात का यकीन ना मानें लेकिन इरफान खान की आने वाली फिल्म 'हिंदी मीडियम' इसी बात पर पूरा यकीन रखती है। आज के वक्त में हर मां-बाप की परेशानी दिखाती इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में इरफान हिंदी और इंग्लिश के बीच जूझते नजर आएंगे।
फिल्म में इरफान के अलावा पाकिस्तानी एक्ट्रेस सबा कमर भी हैं। दोनों ने एक अमीर दंपत्ति का रोल निभाया है जो अपनी बेटी का दाखिला एक अच्छे स्कूल में करवाना चाहते हैं क्योंकि अच्छे स्कूल में जाकर ही अच्छी जिंदगी हासिल की जा सकती है। लेकिन आज के वक्त में बच्चों के दाखिले में कई अड़चनें आती हैं और इसी पर चोट करती है फिल्म 'हिंदी मीडियम'। आजकल छोटे-छोटे बच्चों पर भी इंग्लिश बोलने का दबाव होता है और इसके लिए मां-बाप बड़े से बड़े स्कूल में उनका एडमिशन कराना चाहते हैं। बच्चे को चाहे हिंदी बोलनी ना आती हो, लेकिन इंग्लिश बोले बिना काम नहीं चलता। इतना ही नहीं, इंग्लिश को स्टेटस सिंबल भी माना जाता है। इसी इंग्लिश के फेर में इरफान खान फंस गए हैं। जब उनकी बेटी का एडमिशन सीधे तरीके से नहीं होता तो वो 'गरीबी कोटा' लेने के चक्कर में गरीब होने का नाटक भी करने लगते हैं। हालांकि बेटी के एडमिशन के लिए गरीबी का नाटक करना थोड़ा ज्यादा लगता है लेकिन सिनेमा को इतनी तो छूट होती ही है।
फिल्म का ट्रेलर शानदार है। एक कॉमन मैन के रोल में इरफान खान जंच रहे हैं वहीं उनकी बीवी के रोल में सबा भी काफी अच्छी लग रही हैं। सबा पाकिस्तान की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं और उन्होंने वहां कई अच्छे सीरियलों में काम किया है। इस फिल्म से सबा बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। वैसे तो पाकिस्तानी कलाकारों के बॉलीवुड में काम करने पर फिल्ममेकर्स को मुश्किलें आती रही हैं, ऐसे में कहीं इस फिल्म को भी लोगों के गुस्से का शिकार होना ना पड़े। दोनों के अलावा दीपक डोबरियाल और अमृता सिंह भी फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन साकेत चौधरी कर रहे हैं। साकेत इससे पहले 'प्यार के साइड इफेक्ट्स' और 'शादी के साइट इफेक्ट्स' फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं। 'हिंदी मीडियम' 12 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
देखिए फिल्म का ट्रेलर-