हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में पहली मर्तबा अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव करवाया जा रहा है। फिल्मोत्सव का आयोजन एक नवंबर से चार नवंबर तक किया जाएगा। इसमें देश-विदेश की कुल 26 फिल्में दिखाई जाएंगी।
इस समारोह में दुनिया के कोने-कोने से कलाकार, फिल्म निर्देशक व निर्माता शिरकत करेंगे जो फिल्मोत्सव में पहुंचे कलाकारों व लोगों को फिल्मों की बारीकियों की जानकारी देंगे। इसके लिए स्पेशल वर्कशाप का भी आयोजन होगा। फिल्मोत्सव की पहली रात को हंसल मेहता की अवार्ड विजेता फिल्म 'शहीद' और अंतिम रात 4 नवंबर को आशीम आहलुवालिया की फिल्म 'मिस लवली' दिखाई जाएंगी।
इसके अलावा हिमाचल की ही बोली में बनाई गई फिल्म 'वेन हरी गोट मेरिड' मुख्य रूप से दिखाई जाएगी फिल्मोत्सव में हंसल मेहता, आशीम आहलुवालिया, आसिफ कपाड़िया, उमेश कुलकर्णी, करीम एल हकीम, जेनिफर फोक्स, मार्क एलियट आदि फिल्मकार शिरकत करेंगे।
फिल्मोत्सव का आयोजन मैकलोडगंज स्थित टिप्पा इंस्टीट्यूट व एचपीटीडीसी क्लब हाउस में किया जाएगा। दर्शकों का चार दिन के लिए 600 रुपये देकर पास बनेगा। जबकि छात्रों के लिए 50 प्रतिशत छूट रहेगी।