आमिर खान जिस भी बैनर के साथ काम करते हैं, अपनी शर्तों पर करते हैं। इधर वे 'धूम 3' की शूटिंग तेजी से निपटा रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ कैटरीना कैफ, अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा हैं। आमिर संतुष्ट हैं कि उनकी यह फिल्म वैसी ही बन रही है, जैसी कि प्लानिंग की गई थी।
लेकिन इधर यह भी खबर आ रही है कि 'धूम 3' के बाद इस सीरिज की कोई फिल्म नहीं बनेगी। आश्चर्य की बात यह है कि यह निर्णय यशराज बैनर का नहीं है। यह शर्त खुद आमिर खान ने 'धूम 3' में काम करने से पहले यह शर्त रखी थी।
आमिर इस फिल्म में एक ऐसे विलेन के किरदार में हैं, जिसके बारे में सिर्फ कयास ही लगाए जा सकते हैं। क्या सचमुच आमिर खान ने इस किस्म की अजीबोगरीब शर्त रखी होगी? इस बारे में यशराज बैनर के लोग ज्यादा कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
वैसे, इस सवाल का सही जवाब तो आमिर खान ही दे सकते हैं, लेकिन दिक्कत की बात यह है कि आजकल उनसे बात करना ही संभव नहीं है। वे अपने किरदार में इतने रमे हुए हैं कि किसी भी फोन या एसएमएस का जवाब नहीं देते हैं।
वैसे भी इन दिनों वे मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं। इस मामले में जानकारों का कहना है कि आमिर खान ने इस किस्म की अनोखी शर्त शायद ही रखी हो।
वे सिर्फ फ्लोर पर गई हुई अपनी फिल्म और अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करते हैं। उन्हें अगली और पिछली फिल्म से कोई लेना देना नहीं होता है।