इमरान हाशमी की पर्दे पर इमेज एक किसर ब्वॉय की है। उनकी हर फिल्म उनके लंबे और जुनूनी किस सीन के लिए याद की जाती है। पर इमरान ने कुछ ऐसी भी भूमिकाएं की हैं जो यह दिखाती हैं कि वह एक अच्छे और सधे हुए अभिनेता भी हैं। सितारों की भीड़ में वह ऐसे सितारे हैं जो हर रोल में फिट बैठ जाते है।
जैसे उन्होंने 'शंघाई' में एक ऐसे फोटोग्राफर की भूमिका निभाई है जो छोटे शहरों का बड़ा रिपोर्टर साबित होता है। दिबाकर बनर्जी की इस फिल्म में इमरान हाशमी ने जोगिंदर परमार नाम के एक व्यक्ति की भूमिका निभायी। यह व्यक्ति मीडिया के लिए तस्वीरे खींचने के अलावा छोटे स्तर पर एडल्ट फिल्म भी बनाता है। इमरान हाशमी ने इस फिल्म में गजब का अभिनय किया।
रोल में फिट बैठने के लिए उन्होंने अपना वजन बढ़ाने के साथ एक नकली दांत भी लगाया। साथ ही साथ ऐसे कपड़े पहने जो उसे एक मध्यमवर्गीय व्यक्ति दिखाएं। इमरान का इस फिल्म में बोलने और बात करने का अंदाज भी दूसरी फिल्मों से अलग रहा।
'डर्टी पिक्चर' का नकचढ़ा निर्देशक इमरान हाशमी
डर्टी पिक्चर तो वैसे विद्या बालन के लिए याद की जाएगी लेकिन विद्या के बाद जिस पात्र ने लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा वह फिल्म निर्देशक अब्राहम का किरदार था। इमरान हाशमी ने इस नकचढ़े इंटलैक्चुअल फिल्म निर्देशक की भूमिका को शानदार तरीके से जिया।
विद्या बालन के साथ प्यार करने के अलावा नफरत करने के दृश्यों में भी उन्होंने दर्शकों को प्रभावित किया। सितारों की भीड़ में भी इमरान बिल्कुल अलग नजर आए।
वहीं 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई' फिल्म में इमरान हाशमी शोएब खान के किरदार में नजर आए। इसे दाउद अब्राहिम की भूमिका माना गया। इस फिल्म में इमरान हाशमी ने एक महात्वाकांक्षी इंसान की भूमिका को पर्दे पर जींवत किया।
अजय देवगन जैसे बड़े कलाकार के होने के बावजूद इमरान हाशमी की भूमिका दर्शकों को याद रही। इमरान के हिस्से में जो दृश्य अजय देवगन के भी साथ थे उसमें भी इमरान कमजोर नजर नहीं आए।
'गैंगस्टर' के निगेटिव किरदार में इमरान
एक ही तरह की फिल्मों में टाइप्ड हो चुके इमरान हाशमी को 'गैंगस्टर' फिल्म में देखकर दर्शक चौंक पड़े। ग्रे शेड वाला उनका यह किरदार सभी को रास आया। पर्दे पर उनकी भूमिका इतनी सशक्कत थी कि वह फिल्म के हीरो शाहनी अहूजा पर भी भारी पड़ते दिखे।
एक अवसरवादी व्यक्ति का किरदार उन्होंने मानों जी दिया था। इमरान हाशमी में एक अच्छा अभिनेता है इस बात का इशारा भी इसी फिल्म से मिला था।
भट्ट कैंप की सुपरहिट फिल्म 'मर्डर', इमरान हाशमी की दूसरी फिल्म थी। इस फिल्म में इमरान हाशमी को देखकर कोई नहीं कह सकता था कि इस कलाकार ने अभी-अभी ही बॉलीवुड में एंट्री ली है।
रोमांस और बोल्ड दृश्यों के अलावा जज्बाती और नाटकीय दृश्यों में भी इमरान ने अपनी छाप छोड़ी। इस फिल्म के बाद वह भट्ट कैंप की फिल्मों का नियमित हिस्सा बन गए।