इवेंट में शिरकत करने पहुंचे गोवा सीएम ने कहा, ''मैं गोवा में 53वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के समापन समारोह में सभी का स्वागत करता हूं। 20 नवंबर से अब तक सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने फिल्म समारोहों का आनंद लिया है।''
वहीं, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस इवेंट की तारीफ करते हुए कहा, 'भारत के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के 53वें संस्करण में 282 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। आईएफएफआई की ताकत हर साल बढ़ रही है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में यह और भी भव्य होगा ताकि हम क्षेत्रीय सामग्री का अंतर्राष्ट्रीयकरण कर सकें।' इस दौरान उन्होंने पर्सनालिट ऑफ द ईयर चुने जाने पर सुपरस्टार चिरंजीवी को बधाई भी दी।
आखिरी दिन इस महोत्सव में शामिल होने के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार भी गोवा पहुंचे। उन्होंने कहा कि भारत महाशक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है। भारत में सबसे ज्यादा फिल्में बनती हैं। हमारी फिल्में कई भाषाओं में निर्मित होती हैं।
बता दें कि समापन समोरोह में अक्षय के अलावा फिल्म एक्ट्रेस आशा पारेख, राणा दग्गुबाती, आयुष्मान खुराना जैसे सितारे भी शामिल होंगे। इस समारोह का समापन पोलिश फिल्म 'परफेक्ट नंबर' से किया जाएगा। वहीं, आयुष्मान खुराना अपनी आगामी फिल्म 'एन एक्शन हीरो' के एक गाने पर प्रस्तुति देते हुए नजर आएंगे।