दीपिका पादुकोन इम्तियाज़ अली की पसंदीदा अभिनेत्रियों में से एक हैं। इम्तियाज की वजह से ही दीपिका ने 'कॉकटेल' फिल्म में वेरोनिका का किरदार निभाने के लिए हाँ कहा था। इस किरदार ने दीपिका को काफी लोकप्रियता दिलाई। दीपिका इसलिए इम्तियाज को अपना मेंटर मानती हैं। दीपिका ने हाल ही में इस बात के लिए अफसोस जाहिर किया है कि मैँ इम्तियाज की बड़ी और शानदार फिल्म 'रॉकस्टार' का हिस्सा नहीं बन पाई। दीपिका ने कहा कि 'रॉकस्टार' फिल्म उन्हें बहुत पसंद है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में अभिनेता के साथ अभिनेत्री के लिए भी अभिनय करने के बहुत से मौके थे। उन्होंने कहा कि काश मैं 'रॉकस्टार' फिल्म का हिस्सा होती।
इम्तियाज की मेकिंग स्टाईल की तारीफ करते हुए दीपिका ने कहा कि वह अपनी फिल्मों में अभिनेत्रियों को खूबसूरत तरीके से फिल्माते हैं। उनकी फिल्म में नायिका के लिए काम करने का बहुत स्पेस होता है। लेकिन इंडस्ट्री की खबर रखने वालों के मुताबिक दीपिका की यह इच्छा बहुत जल्दी पूरी हो सकती है। इम्तियाज अली एक फिल्म की पटकथा पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म में वह नायिका के रूप में दीपिका को लेने का मन बना चुके हैं।
शाहरुख़ कर सकते हैं छोटे परदे पर वापसी
बॉलीवुड के बादशाह खान शाहरुख़ खान ने छोटे परदे से ही अपने एक्टिंग के करियर की शुरुआत की थी। अब एक बार वह फिर से छोटे परदे पर वापसी कर सकते हैं। शाहरुख़ का कहना है कि वे हॉलीवुड के एक्टर्स की तरह ही काम करना चाहते हैं। वहां के एक्टर्स दोनों जगह काम करते हैं। छोटे परदे पर भी और बड़े परदे पर भी। इसलिए शाहरुख़ भी छोटे परदे पर काम करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें कोई अच्छा विषय मिला तो वो जरूर छोटे परदे पर लौटेंगे। शाहरुख़ मानते हैं कि छोटा पर्दा कभी छोटा नहीं होता। फिल्म छोटी हो या बड़ी स्टार अपनी फिल्मों को प्रमोट करने के लिए हमेशा ही छोटे परदे का सहारा लेता हैं। किसी फिल्म को हिट बनाने में छोटे पर्दे की बड़ी भूमिका होती है।
सलमान ने यूं खुश किया अपने फैन को
सलमान यारों के यार हैं और वे हमेशा कहते हैं कि उनके लिए फ्रेंडस, फैमिली और फैन्स सबसे खास हैं। यह बात सही भी है। वह अपने खास फैन राम लाल का हमेशा ख्याल रखते हैं। राम लाल मुंबई के बांद्रा इलाके में ऑटो ड्राईवर हैं। सलमान खान की किसी भी फिल्म की रिलीज पर वो फर्स्ट डे फर्स्ट शो जाकर न केवल फिल्म देखते हैं बल्कि इसका प्रचार भी जोर शोर से करते हैं। जब भी सलमान की कोई फिल्म रिलीज होती है, राम लाल अपने ऑटो को पूरी तरह से फिल्म की स्टाईल में बदल देते हैं। यह सलमान की यारी ही है कि 'दबंग 2' की रिलीज के वक्त सलमान ने अपने इस खास फैन को फिल्म की प्रीमियर पर बुलाया था। सलमान के साथ बैठकर राम लाल ने पूरी फिल्म देखी। इससे पहले भी सलमान की कई फिल्मों की शूटिंग के वक़्त राम लाल सेट पर जाकर अपने स्टार से मिल चुके हैं।
'गजनी' जैसी फिल्म बनाना चाहती हैं एकता
एकता कपूर हॉरर और कॉमेडी फिल्में बनाने के लिए जानी जाती रही हैं। अब वह चाहती हैं की वे हार्ड कोर एक्शन फिल्में बनाएं। उन्होंने इस बारे में कुछ निर्देशकों से बातचीत शुरू भी कर दी है। एकता की इच्छा है कि वो 'गजनी' की तरह की फिल्म बनाएं। एकता ने इस पर तैयारी शुरू भी कर दी है। एकता ने कहा है कि वे 'शूट आउट एट लोखंडवाला' जैसी फिल्मों से खुश हैं लेकिन अब वो कुछ ऐसी फिल्में बनाना चाहती हैं जो हॉलीवुड के स्तर की हो। वह चाहती हैं कि वह ऐसी हिंदी फिल्म बनाएं जैसी अभी तक बॉलीवुड में बनी न हो। एकता की प्लानिंग है कि वो ऐसे निर्देशकों को और हॉलीवुड के ट्रेंड स्टंट मैन को भी हायर करेंगी। हालाँकि अब तक यह बात तय नहीं है कि फिल्म में मुख्य किरदार कौन निभाएगा। 2013 में एकता इस फिल्म को एनाउंस कर देंगी।
लोकल ट्रेन में क्यों बैठे इमरान
इमरान हाशमी इन दिनों राजकुमार गुप्ता की फिल्म 'घनचक्कर' की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म के कई दृश्यों की शूटिंग मुंबई के वास्तविक लोकेशन पर हो रही है। हाल ही में इमरान हाशमी ने मुंबई की एक लोकल ट्रेन में एक्शन दृश्य फिल्माया। इमरान के लिए यह पहला मौका था जब वो मुंबई की लोकल ट्रेन में कोई ऐक्शन फिल्म शूट कर रहे थे। इमरान के लिए यह काफी कठिन दृश्य था। फिल्म में यह काफी लम्बा सिक्वेंस है। इमरान ने काफी मुश्किल से रिहर्सल करने के बाद इस दृश्य को ओके किया। हालाँकि खुद निर्देशक इस बात से डरे हुए थे कि वो इस सीन को कैसे फिल्माएंगे क्योंकि सीन काफी रिस्की था। इमरान ने अपने बॉडी डबल के इस्तेमाल से मना कर दिया। जब इस दृश्य को शूट कर लिया गया तो राजकुमार गुप्ता ने इमरान की तारीफ की।