हिट रही फिल्म 'ओह माई गॉड' की सीक्वल फिल्म बनने जा रही है। इस सीक्वल फिल्म को भी उमेश शुक्ला ही निर्देशित करेंगे। खास बात यह है कि इस सीक्वल फिल्म की कहानी मूल फिल्म की कहानी से बिल्कुल अलग होगी। उमेश शुक्ला 'ओह माई गॉड' के अगले संस्करण के लिए कहानी पसंद कर चुके हैं। उनका कहना है कि इस फिल्म में उन्हें एक बिल्कुल नई फिल्म देखने को मिलेगी।
उमेश की पहली फिल्म 'ओह माई गॉड' दर्शकों और आलोचकों द्वारा पहले ही सराही जा चुकी है। उमेश ने कहा कि हमें एक पटकथा पसंद आई है, लेकिन उस पर थोड़ा काम बाकी है। जल्द ही हम पटकथा पर काम पूरा कर लेंगे। अश्विनी यार्दी, अक्षय कुमार और परेश रावल के सह-निर्माण में बनी 'ओह माई गॉड' में अक्षय कुमार और परेश रावल ने मुख्य भूमिकाएं भी निभाई थीं। अगले संस्करण में अक्षय कुमार के होने की सम्भावना के बारे में पूछे जाने पर उमेश ने कहा कि वह हमारी टीम में हैं। वह भी फिल्म में होंगे लेकिन पहले हमें उनकी तारीखें देखनी होंगी।
वैसे अभिनेता परेश रावल फिल्म की सफलता को भुनाने की जल्दी में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हमने एक-दो कहानियों पर विचार किया है। देखते हैं आगे क्या होता है। हमें कोई जल्दी नहीं है। मुझे लगता है यदि अगला संस्करण बने तो उसे 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' के संस्करण 'लगे रहो मुन्ना भाई' की तरह का होना चाहिए।" यदि ऐसा होता है तभी यह फिल्म लोगों द्वारा सराही जाएगी।