अपने दमदार अभिनय के बल पर थोड़े से समय में अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री स्वरा भास्कर का कहना है कि वह ऐसा काम नहीं करना चाहतीं जिसे देख उन्हें वक्त के साथ शर्मिंदगी का एहसास हो।
स्वरा के अभिनय को फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ से पहचान मिली। इसके बाद ‘रांझणा’, ‘निल बटे सन्नाटा’ और ‘अनारकली ऑफ आरा’ जैसी फिल्मों ने उन्हें फिल्म जगत में स्थापित कर दिया।
स्वरा ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, ‘‘शुरूआती दिनों में संघर्ष के दौरान भी मैंने ऐसा कोई काम नहीं किया जो मैं नहीं करना चाहती थीं। मैंने कभी भी पैसों के लिए काम नहीं किया। हालांकि कभी-कभार निर्णय लेने में गलती हुई हो जैसे कोई खास पटकथा जो देखने में अच्छी लगी हो लेकिन उसने ठीक काम नहीं किया हो।’’
अभिनेत्री कहती हैं, ‘‘अभिनेता के तौर पर जब हम मरते हैं तो हम केवल अपना काम छोड़ जाते हैं। मैं वास्तव में अपनी कब्र के अंदर शर्मिंदा नहीं होना चाहती। मैं नहीं चाहती कि लोग कहें कि अरे उसने क्या किया। मैं अपने चुनाव में बेहद सतर्क रहती हूं।’’