हुमा कुरैशी की राय
हुमा कुरैशी ‘टॉक्सिक’ में एलिजाबेथ के किरदार में नजर आएंगी। यह उनकी पहली पैन-इंडिया फिल्म है। हुमा ने वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि 'टॉक्सिक' और 'धुरंधर 2' की टक्कर फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों, दोनों के लिए फायदेमंद है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह भारतीय फिल्म उद्योग के लिए जीत है और दर्शकों के लिए भी बहुत अच्छा होगा। यह सबके लिए फायदेमंद है। दर्शकों के लिए यह शानदार समय होगा और सभी फिल्मों को अच्छा मौका मिलेगा।'
संजय गुप्ता की राय
फिल्म निर्माता संजय गुप्ता ने भी 'टॉक्सिक' और 'धुरंधर 2' पर अपनी राय दी। उन्होंने वैरायटी इंडिया से बात करते हुए कहा कि वे दोनों फिल्में देखेंगे, लेकिन दोनों एक साथ रिलीज हो रही हैं। इससे दोनों फिल्मों का बिजनेस एक-दूसरे को नुकसान पहुंचाएगा। उन्होंने कहा, 'यह वैसा ही है जैसे मेरी फिल्म ‘काबिल’ और ‘रईस’ एक साथ रिलीज हुई थीं। अगर दोनों अलग-अलग तारीखों पर आतीं तो दोनों को ज्यादा फायदा होता।' संजय ने यह भी कहा कि यह टक्कर अनावश्यक है, लेकिन फिल्ममेकर्स के पास शायद कोई वजह होगी। दोनों फिल्मों से अच्छा प्रदर्शन की उम्मीद है, लेकिन क्लैश की वजह से कोई भी अपनी पूरी क्षमता के अनुसार कमाई नहीं कर पाएगी।
फिल्म 'धुरंधर 2'
‘धुरंधर: द रिवेंज’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। इसे ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनाया है। यह ‘धुरंधर’ का सीक्वल है। इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। रणवीर के अलावा, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और राकेश बेदी भी अपनी अहम भूमिका दोहराएंगे।