पिछले कुछ समय से 2013 की चर्चित फिल्म जॉनी एलएलबी का सीक्वल बनाने की योजना सामने आ रही थी। अक्षय कुमार ने सीक्वल में अरशद वारसी की जगह ले थी, मगर सवाल था कि अमृता राव की जगह किसे लिया जाएगा। अब खबर है कि सीक्वल में हुमा कुरैशी की एंट्री हो गई है।
सूत्रों की मानें तो फिल्म की शूटिंग 15 अगस्त से लखनऊ में शुरू होगी। वहां फिल्म का काम 25 दिनों का होगा। इसके बाद फिल्म वाराणसी में शूट की जाएगी। बाकी काम कश्मीर में होगा। सूत्रों के अनुसार अक्षय फिल्म में कानपुर निवासी वकील जगदीश जॉली त्यागी के रोल में होंगे।
यह पहला मौका है जब उनके अपोजिट हुमा कुरैशी रहेंगी। लुक टेस्ट के बाद हुमा का चयन हुआ है। फिल्म की पहली किश्त जहां 1999 के संजीवनंदा हिट एंड रन केस से प्रेरित थी, वहीं सीक्वल को निर्देशक-लेखक सुभाष कपूर ने अभी छुपा रखा है। सीक्वल में सौरभ शुक्ला जज के रूप में बने रहे हैं। उस रोल के लिए सौरभ को राष्ट्रीय अवार्ड मिला था।