हुमा कुरैशी अपनी अपकमिंग फिल्म 'बेबी डू डाई डू' को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच मेकर्स ने इस फिल्म का गाना 'इश्क क...' रिलीज किया है। पहले यह गाना साल 2002 में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की फिल्म 'शक्ति: द पावर' में आया था। इसमें थोड़ा बदलाव करके इसे रिलीज किया गया है।
ऐश्वर्या रॉय, शहारुख खान
- फोटो : एक्स
वीडियो में क्या है?
एक्स पर हुमा कुरैशी ने गाने की क्लिप शेयर की है। इसमें देखा जा सकता है कि गाने में नए विजुअल और जबरदस्त कोरियोग्राफी की गई है। इसमें हुमा कुरैशी और रचित सिंह नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ हुमा ने कैप्शन में लिखा 'दिल्ली के बच्चों के तौर पर हम 90 के दशक के इन गानों पर नाचते हुए बड़े हुए हैं। यकीन नहीं हो रहा कि मुझे इसे फिर से बनाने का मौका मिला। हम आपसे प्यार करते हैं शाहरुख खान और ऐश्वर्या मैम।'
फिल्म 'बेबी डू डाई डू'
- फोटो : सोशल मीडिया
गाने को लेकर क्या बोलीं हुमा कुरैशी?
इस मशहूर गाने को फिर से बनाने के बारे में हुमा कुरैशी ने कहा 'जब यह गाना हमारे पास आया, तो हम इसे बनाने को लेकर बहुत उत्साहित थे। 'इश्क क...' बहुत अच्छा गाना है, लगभग हर कोई इस पर नाचा है। इसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। मैं सच में नर्वस थी। हम ओरिजिनल गाने की नकल करने की कोशिश नहीं कर रहे थे। हम अपना खुद का अंदाज लाना चाहते थे और साथ ही उन चीजों का जश्न भी मनाना चाहते थे जिन्होंने इसे इतना मशहूर बनाया। रेमो सर का हमारे लिए कोरियोग्राफी करना, इसने इसे कुछ और ही बना दिया। मुझे सच में उम्मीद है कि लोगों को यह उतना ही पसंद आएगा जितना हमें इसे बनाने में मजा आया।'
कब रिलीज होगी फिल्म?
'बेबी डू डाई डू' का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है। फिल्म में सिकंदर खेर, चंकी पांडे, रचित सिंह, मरुधा शेखावत, विद्या मालवड़े, अरुण कुशवाहा और हिमांशु मलिक भी हैं। इसे साकिब सलीम ने सलीम सिब्लिंग्स बैनर के तहत 'पुणे 04 फिल्म' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।