तकनीकी तौर पर खासे माहिर माने जाने वाले फिल्म स्टार रितिक रोशन डाकुओं के शिकार हो गए। हम बात कर रहे हैं डिजिटल डाकू हैकर्स की। आज एक टीन एज हैकर ने रितिक रोशन का फेसबुक अकाउंट में सेंध लगा दी। जब तक रितिक की टेक्निकल टीम हैकर को दबोच पाती तब तक हैकर अपना काम कर निकल गया। वह रितिक के फेसबुक खाते से फेसबुक लाइव फीड करता रहा।
उसकी लीला कुछ देर तक चलती रही, पर रितिक के फैंस ने ज्योंही हैकर की चोरी पकड़ी, वह अपनी दुकान समेट गया। रितिक की टीम ने हालात पर काबू पा लिया। उन्होंने आधिकारिक बयान जारी किया, मेरे फेसबुक खाते में किसी ने सेंध लगाई थी, मगर अब स्थिति काबू में है। मेरी टेक्निकल टीम ने समस्या का समाधान कर लिया है। अब फिर से वह पेज मेरा है।
इम्पोस्टर मामला भी रहा था चर्चा में
रितिक के साथ ऐसा पहली बार नहीं है, जब सोशल मीडिया के चंगुल में वे फंसे हैं। इसी साल कंगना रनोट ने दावा कर सब को चौंका दिया था कि रितिक रोशन के मेल पर उनकी निरंतर बातें होती थीं। रितिक ने उन दावों को खारिज किया था। यह कहते हुए कि किसी और इंसान ने उनकी मेल आईडी बना कंगना को झांसे में रखा। वैसे शख्स को तकनीकी तौर पर इम्पोस्टर कहते हैं। वे कंगना के संग ऐसे किसी प्रकार के संपर्क में नहीं थे।