यह अलग बात है कि ऋतिक रोशन और उनकी पत्नी सुजैन खान अलग-अलग रह कर तलाक की तरफ बढ़ रहे हैं, लेकिन उनके बीच कुछ महीनों पहले आई कड़वाहट अब कम होने लगी है। सूत्र खबर लाए हैं कि पिछले कुछ समय से सुजैन की तबीयत में काफी उतार-चढ़ाव रहा है और ऋतिक उनका ध्यान रखते रहे हैं।
सुजैन ऋतिक से अलग होकर अपने दोनों बेटों को लेकर माता-पिता के साथ रह रही हैं। बताया जाता है कि सुजैन अपने स्वास्थ्य को लेकर हमेशा लापरवाह रही हैं और इसी का नतीजा है कि ऋतिक से अलग रहने के बाद उनकी तबीयत कई बार बिगड़ी है। लेकिन जब भी ऋतिक को उनके खराब स्वास्थ्य की जानकारी मिली है, वह हमेशा सुजैन के पास पहुंचे हैं।
सुजैन ने निभाया था साथ
उल्लेखनीय है कि ऋतिक के खराब स्वास्थ्य के दिनों में सुजैन ने भी पत्नी का फर्ज खूब निभाया था। ऋतिक जब अपने सिर की सर्जरी के वक्त अस्पताल में थे, सुजैन ने उनका साथ दिया था। अब ऋतिक अपना फर्ज निभा रहे हैं। सूत्रों की बात पर विश्वास करें तो ऋतिक और सुजैन के बीच हाल के महीनों में चीजें काफी सामान्य हुई हैं। खास तौर पर दोनों बेटों, रेहान और रिदान के कारण।
ऋतिक और सुजैन दोनों अपने बच्चों को बहुत चाहते हैं और उनके लिए हर मौके पर साथ खड़े होते हैं। चाहे बच्चों को छुट्टियों पर ले जाने का मामला हो, उनके जन्मदिन हों या फिर स्कूल में पेरेंट-टीचर मीटिंग। ऋतिक और सुजैन अलग रहते हुए भी ऐसे मौकों पर साथ खड़े होते हैं। इसी बात ने दोनों को कई मामलों में एक-दूसरे के बारे में फिर से विचार करने पर मजबूर किया है।
आए हैं कई बदलाव
सुजैन के करीबियों के अनुसार ऋतिक से अलगाव के बाद सुजैन में कई बदलाव आए हैं, उनमें सबसे खास यह है कि उन्होंने अपना पूरा फोकस काम पर कर दिया है। उन्होंने बांद्रा में कुछ महीनों पहले एक एंटीक शॉप और बुटीक खोला था, जिस पर वह अब सारा ध्यान दे रही हैं। इसके साथ बाकी वक्त वह बच्चों के साथ बिताती हैं। बीते महीनों में सुजैन ने पार्टियों में जाना काफी कम कर दिया है और वह गाहे-बगाहे ही किसी सेलेब्रिटी पार्टी में दिखाई देती हैं।
उधर, ऋतिक भी अपना पूरा ध्यान फिल्मों पर केंद्रित किए हुए हैं। उनकी ‘बैंग बैंग’ दो अक्तूबर को रिलीज होनी है और इसके बाद वह आशुतोष गोवारिकर की ‘मोहन जोदड़ो’ पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। ऋतिक को पहले भी फिल्मी पार्टियों में कम देखा जाता था। जानकारों का कहना है कि ऋतिक अब भी सुजैन को चाहते हैं और उन्होंने काफी कोशिशें की है कि वह वापस उनके साथ आ जाएं। लेकिन सुजैन ऐसा नहीं चाहती हैं।
अर्जुन-मेहर से दूर हुईं सुजैन
ऋतिक-सुजैन के अलगाव की खबरों के बीच ऐक्टर-मॉडल अर्जुन रामपाल का नाम आया था तो सब चौंके थे। कहा गया था कि अर्जुन से नजदीकियों की वजह से सुजैन अपने पति से अलग हुई हैं। हालांकि इस पर बाद में अर्जुन ने वक्तव्य जारी करके नाखुशी जताई थी। परंतु सुजैन के साथ अर्जुन और उनकी पत्नी मेहर जेसिया की पार्टियां जारी थीं। परंतु सूत्रों की मानें तो पिछले कुछ महीनों में सुजैन ने अपने इन ‘दोस्तों’ से दूरी बना ली है।
वैसे इस दूरी का कारण अभी सामने नहीं आया है। लेकिन पेज थ्री पार्टियों के सूत्र दावा कर रहे हैं कि सुजैन और मेहर के बीच किसी बात को लेकर खटपट हो गई है। जिसके कारण सुजैन ने मेहर से बातचीत करना तक बंद कर दी है। मेहर से नाराजगी के बाद अर्जुन से भी सुजैन दूर हो गई हैं। सूत्र कह रहे हैं कि सुजैन के अर्जुन-मेहर से दूर होने के बाद उनके करीब बहुत राहत महसूस कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता था कि इस दोस्ती की वजह से ही सुजैन का घर टूटा था।