शनिवार को निर्देशक संजय गुप्ता का निधन हो गया। उनके निधन से इंडस्ट्री में गम की लहर दौड़ गई। कई सेलेब्स ने निर्देशक को श्रद्धांजलि दी है। इस कड़ी में अब ऋतिक रोशन और अमिताभ का भी नाम जुड़ गया है। ऋतिक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर निर्देशक को श्रद्धांजलि दी है। अभिनेता ने निर्देशक के साथ हिट फिल्म 'काबिल' में एक साथ काम किया था। उन्होंने फिल्म में संजय के योगदान के लिए आभार जताय है। वहीं अमिताभ बच्चन ने निर्देशक की याद में कविता लिखी है।
ऋतिक की पोस्ट में क्या है?
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर संजय गुप्ता की एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'संजय, मैं तुम्हें बहुत याद करूंगा। तुम्हारे साथ सिर्फ एक फिल्म काफी नहीं थी। मैं हमारे साथ बिताए समय को हमेशा बहुत प्यार से याद रखूंगा। तुम्हारी हंसी, तुम्हारा जुनून और तुम्हारे अंदर का वो बच्चा जो किसी अच्छे विचार के आते ही खिल उठता था। हमें अभी और भी बहुत कुछ साथ करना था। यह बहुत जल्दी हो गया।'
संजय गुप्ता, ऋतिक रोशन
- फोटो : इंस्टाग्राम@hrithikroshan
ऋतिक ने जताया निर्देशक का आभार
ऋतिक ने आगे लिखा 'दोस्त, मैं तुम्हें हमेशा बहुत आभार के साथ याद रखूंगा। काश मैंने तुम्हें और कसकर गले लगाया होता और 'काबिल' के जरिए मुझे जिंदगी का सबसे बेहतरीन अनुभव देने के लिए तुम्हारा शुक्रिया अदा किया होता। कोई कभी पूरी तरह नहीं जान पाएगा कि तुमने उस फिल्म को अपना कितना कुछ दिया था। मेरा दिल टूट गया है, यह बहुत जल्दी हो गया। ईश्वर उनके परिवार को हिम्मत दे। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे, मेरे दोस्त।'
संजय गुप्ता को याद कर भावुक हुए अमिताभ
अमिताभ बच्चन ने भी निर्देशक संजय गुप्ता को याद किया है। उन्होंने अपने ब्लॉग पर लिखा 'एक मित्र, एक सहपाठी, एक कलाकार और कला का पुजारी इतनी कम उम्र में चला गया! समझ में ही नहीं आ रहा कि यह सब कैसे हो रहा है।'
संजय गुप्ता
- फोटो : सोशल मीडिया
अमिताभ ने लिखी कविता
अभिनेता ने संजय गुप्ता की याद में एक कविता लिखी है। जो इस तरह है।
'छिन रहे हैं अपने दिलों से हमारे जगत के सब साथी, क्या दोष किया है इन्होंने, जो दशा कहलाती।
कहते हैं लोग की सौर मंडल के प्रबल नीच हो गए हैं, सारे एक साथ।
अब तो दया करो, जो बरसते हैं हम पर, है ये भी कोई बात।
अपने-अपने घरों में शीघ्र अलग होकर बैठें।
जरा अलग बैठ के हम सब को भी तो ऐंठें।'
कैसे हुआ निर्देशक का निधन?
- बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक संजय गुप्ता को शनिवार को मुंबई में अंतिम विदाई दी गई।
- इस दौरान अभिषेक बच्चन और राकेश रोशन समेत हिंदी फिल्म जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं।
- 'आतिश', 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'मुंबई सागा', 'जंग' और 'कांटे' जैसी बेहतरीन फिल्मों के निर्देशक संजय गुप्ता का शनिवार सुबह मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हो गया।
- उन्हें सिर में चोट लगी थी।