आमिर ऐसे तो नहीं थे। विवादों में पडऩे से वे हमेशा ही बचते रहे हैं। वे अपनी फिल्म के भले के लिए तो पब्लिसिटी में कोई कसर नहीं रहने देते हैं, लेकिन दूसरे निर्माताओं के नुकसान की उन्हें कभी नहीं सूझती है।
लेकिन इस बार लग रहा है कि आमिर की सोच थोड़ी बदल गई है। फिल्मी गलियारों में खबर है, कि वे अपनी आगामी फिल्म 'धूम 3' के कारण ऋतिक रोशन से पंगा ले रहे हैं।
मामला यह है कि 'कृष 3' की रिलीज से सिर्फ दो दिन पहले वे 'धूम3' का एक बड़ा इवेंट करना चाह रहे हैं। आमिर का यह इवेंट इतने बड़े स्तर पर होगा कि मीडिया में कई दिन तक वे ही छाए रहेंगे।
'कृष3' की रिलीज एक नवंबर को होनी है और 'धूम3' का इवेंट 30 अक्टूबर को तय हुआ है। आमिर के बारे में मशहूर है कि वे बड़ी तैयारी के साथ अपनी फिल्मों का प्रमोशन करते हैं और मीडिया का सारा ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं।
इसी वजह से ऋतिक रोशन थोड़ा परेशान नजर आने लगे हैं कि कहीं आमिर के कारण उनकी फिल्म की चर्चा पर नकारात्मक असर न पड़ जाए। हालांकि इस आयोजन के अभी कई दिन शेष हैं, संभव है कि तब तक ऋतिक को आमिर की रणनीति का कोई तोड़ मिल आए।