हर पेशेवर की आम शिकायत होती है कि काम के चलते खुद और परिवार के लिए वक्त नहीं मिलता। लेकिन 24 घंटे व्यस्त रहने वाली ग्लैमर इंडस्ट्री की हस्तियों को कभी ये शिकायत नहीं रहती कि उनके काम के घंटे ज्यादा हैं।
हाल ही में स्वीडन ने काम के घंटे घटाकर 6 घंटे कर दिया और लंदन में भी यह प्रस्ताव रखा गया कि काम पर यात्रा के घंटों को भी काम के घंटों के रूप में गिना जाए। क्योंकि अधिक देर तक काम करने से उत्पादन क्षमता में गिरावट दर्ज की जा रही थी। लेकिन बॉलीवुड इडस्ट्री इसको गलत साबित कर रही है।
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को दिए गए एक साक्षात्कार में प्रियंका चोपड़ा ने बताया है कि वह हर रोज कितना काम करती हैं। यही नहीं, इन दिनों सबसे ज्यादा फिल्में करने वाले अभिनेता-अभिनेत्री अक्षय कुमार, शाहरुख खान, सलमान खान, अलिया भट्ट भी काम के घंटों को लेकर कोई शिकायत करते नहीं मिलते।
आगे की स्लाइडों में जानिए, प्रियंका चोपड़ा, शाहरुख खान, अक्षय कुमार, सलमान खान, आलिया भट्ट, ऐश्वर्या राय जैसी हस्तियां रोज कितने घंटे काम करती हैं।
प्रियंका चोपड़ा
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के पास आजकल अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए समय की कमी पड़ रही है। वह लगातार समय की कमी से जूझ रही हैं। लेकिन यह सोचना की काम कितना है, वह यह सोच रही हैं कि समय इतना कम क्यों हैं। वह चाहती हैं कि उन्हें एक दिन में 24 के बजाय और ज्यादा घंटे मिले; ताकि वह और काम कर पाएं।
अंग्रेजी अखबार दि इंडियन एक्सप्रेस के एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि वह एक दिन में 16-16 घंटे काम कर रही हैं। वह आगे जोड़ती हैं कि वह जो भी काम कर रही हैं, उस पर उन्हें गर्व है। वह बताती हैं कि वह शारीरिक रूप से काफी थकी हुई हूं। लेकिन उनकी मां कहती हैं कि जब आप जवान होते हो तो आपको कड़ी मेहनत करनी चाहिए। अपनी मां के इस वाक्य को उन्होंने सूत्र वाक्य बना रखा है।
उल्लेखनीय है कि इन दिनों प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड के अलावा अमेरिकी टीवी शो क्वांटिको में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। जितनी जबर्दस्त उपस्थिति उन्होंने विदेश में जाकर दर्ज कराई है, इतने बड़े स्तर पर किसी बॉलीवुड हस्ती ने पहले नहीं दर्ज कराई थी। इसके अलावा वह बॉलीवुड में भी उतनी ही सक्रिय हैं।
आगामी 18 दिसंबर को उनकी फिल्म बाजीराव मस्तानी रिलीज होने जा रही है। आगे की स्लाइड में जानिए, शाहरुख खान कितने घंटे काम करते हैं। वह इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा काम करने वालों में शीर्ष पर हैं।
शाहरुख खान
बादशाह खान सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं एक सफल बिजनेसमैन भी हैं।
एक आईपीएल टीम के मालिक शाहरुख खान के पास फिल्म निर्माण कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट का काम भी है और फिर वो टीवी शो भी करते हैं। ऐसे में शाहरुख 'वर्क बैलेंस' कैसे बनाते हैं?
बीबीसी के मुताबिक शाहरुख कहते हैं, "मैं सोता बहुत कम हूं क्योंकि मुझे ब्रांड 'शाहरुख' के लिए काम करना होता है। आम लोगों के पास 12 घंटे काम के और 12 घंटे सोने के होते हैं लेकिन मेरे पास 20 से 21 घंटे काम के लिए होते हैं।"
अक्षय कुमार
अभिनेता अक्षय कुमार बेहद अनुशासित जीवन जीते हैं। अक्षय कहते हैं, "आजकल फिल्मों में काम करने के साथ आपको उनका प्रमोशन भी करना होता है। ऐसे में हमें भी ज्यादा घंटे काम के लिए निकालने पड़ते हैं।"
लेकिन फिटनेस फ्रीक अक्षय का काम का पसंदीदा समय सुबह है और ऐसे में वो कोशिश करते हैं कि वो ज्यादा से ज्यादा काम सुबह के घंटों में ही निपटा लें। बीसीसी एक बार बातचीत में वो कहते हैं, "मैं सुबह 5 बजे भी इंटरव्यू दे चुका हूं, इससे आप दिनभर के लिए फ्री हो जाते हो और बाद के ट्रैफिक से भी बच जाते हो।"
अक्षय बताते हैं कि वो हर 6 महीने में परिवार के साथ 15 से 20 दिन की छुट्टी पर जाते हैं। उल्लेखनीय है कि अक्षय इन दिनों बॉलीवुड में सबसे ज्यादा फिल्में करने वाले अभिनेताओं में सबसे आगे हैं। वह साल में तीन से चार फिल्में करते हैं। इस साल उनकी ब्रदर्स, गब्बर इज बैक, बेबी, सिंह इज ब्लिंग आ चुकी हैं।
सलमान खान
सलमान कहते हैं, "मैं परिवार और दोस्तों के साथ फिल्में करता हूं और इसके चलते मुझे कभी परिवार और दोस्तों की कमी महसूस नहीं होती।"
सलमान शूटिंग शेड्यूल पूरा हो जाने के बाद घर पहुंचते हैं और अपने करीबियों के साथ समय बिताते हैं।
बीबीसी एक रिपोर्ट के मुताबिक खाली समय में सलमान का पसंदीदा शौक ट्वीट करना है। सलमान कहते हैं, "ये मुझे शूटिंग के दौरान भी मेरे चाहने वालों और दोस्तों से जोड़े रखता है।"
आलिया भट्ट
22 वर्षीया इस अभिनेत्री को वर्क लाइफ बैलेंस की कोई शिकायत नहीं। आलिया कहती हैं, "अभी तो मैं यंग हूं, यही मेरी उम्र है काम करने की और अभी तो मैं बहुत व्यस्त रहना चाहती हूं।"
आलिया को अभी परिवार के लिए समय की चिंता नहीं है क्योंकि वो जो काम कर रही हैं वो उनके लिए अद्भुत है।
वो कहती हैं, "हां मुझे एक फायदा है कि मेरे दोस्त इसी इंडस्ट्री से हैं तो मुझे अकेलापन नहीं लगता।"
ऐश्वर्या राय
पांच साल बाद सिनेमा के पर्दे पर वापसी कर रही ऐश्वर्या राय के अनुसार, काम और परिवार में बैलेंस बनाना जरूरी है और वो इसका ध्यान रखती हैं।
वो कहती हैं, "मैं बेटी अराध्या और परिवार को पूरा समय देती हूं और मुझे हमेशा कैमरा, सोशल मीडिया या चर्चा में रहना जरूरी नहीं लगता।"
ऐश्वर्या कहती हैं, "ये हमें तय करना होता है कि किसे समय मिले किसे नहीं और कौन हमारे लिए ज्यादा जरूरी है।"
वहीं अभिनेता इरफान खान कहते हैं कि परिवार के लिए समय निकालना मुश्किल है और कई बार उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं लेकिन ये शो बिजनेस है और यहां का यही दस्तूर है।