दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के बाद फिल्मों और संगीत के होने वाले सभी अंतर्राष्ट्रीय समारोहों पर रोक लग गई है। हालांकि, डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के फेस्टिवल हॉट डॉक्स फेस्टिवल के आयोजकों ने इस वर्ष इसका इसका आयोजन ऑनलाइन करने का फैसला लिया है। अच्छी बात यह है कि यह फेस्टिवल पांच मई से शुरू हो चुका है। कनाडा की राजधानी टोरंटो में हर साल होने वाले इस फेस्टिवल में इस साल भारत की तरफ से भारतीय गायिका सोना मोहपात्रा की एक डॉक्यूमेंट्री को चुना गया है। इस डॉक्यूमेंट्री का हॉट डॉक्स फेस्टिवल में प्रीमियर सात मई को होगा।
सोना मोहपात्रा की यह डॉक्यूमेंट्री सिने समाज में महिला कलाकारों के साथ होने वाले भेदभाव और भारतीय समाज में स्त्री जाति को द्वेष की नजरों से देखे जाने पर प्रकाश डालती है। यह डॉक्यूमेंट्री संगीत, कला, सामाजिक बदलाव, आधुनिक और प्राचीन सियासी कहानियों के बीच संघर्ष की कहानी है। इस कहानी से सोना कहीं ना कहीं अब तक की अपनी यात्रा को दर्शाती हैं। दीप्ति गुहा के निर्देशन में बनी इस डॉक्यूमेंट्री का नाम 'शट अप सोना' है। सोना अपनी एक डॉक्यूमेंट्री को 2019 के मामी फेस्टिवल में प्रीमियर कर चुकी हैं और उन्हें इसके लिए क्रिटिक गिल्ड अवार्ड भी मिल चुका है।