डर के आगे क्या है? टीवी पर आए दिन नजर आने वाले एक विज्ञापन की मानें तो डर के आगे जीत है। बॉलीवुड भी यही मानता है क्योंकि डरने-डराने का बिजनेस कभी घाटे का सौदा नहीं होता। हॉरर फिल्में न केवल सिनेमाघरों में देखी जाती हैं बल्कि डीवीडी पर भी इन्हें देखने वाले बड़ी संख्या में होते हैं। ऐसी फिल्मों का एक खास दर्शक वर्ग है।
विज्ञापन
विशेष बात यह कि हॉरर फिल्में बनाने के लिए निर्माता-निर्देशकों को सितारों को लेने का जोखिम भी नहीं उठाना पड़ता। वैसे अगर सितारे ऐसी फिल्मों में आ जाएं तो बात सोने पर सुहागा जैसी हो जाती है। साल 2014 में यह बिजनेस एक बार फिर फलने-फूलने के लिए तैयार है क्योंकि इस साल करीब एक दर्जन हॉरर फिल्में टिकट खिड़की पर आने के लिए तैयार हैं।
शुरुआत होगी डर फिल्म से
जिसनें न केवल नए ऐक्टरों के साथ बनने वाली फिल्में हैं, बल्कि सितारों से सजा सिनेमा भी शामिल है। इस शुक्रवार से सिनेमाघरों में दर्शकों डराने का खेल शुरू हो जाएगा, जब जिमी शेरगिल स्टारर फिल्म ‘डर एट द मॉल’ रिलीज होगी।
नाम से ही जाहिर है कि यह फिल्म एक ऐसे मॉल की कहानी है, जो भुतहा है! इस मॉल में नौ मौतें हो चुकी हैं। लोग तरह-तरह की बातें करते हैं। इस सुरक्षा की जिम्मेदारी जिमी पर आती है और मॉल में एक जश्न के बाद अचानक मौत का तांडव होने लगता है। फिल्म का निर्देशन पवन कृपलानी ने किया है। पवन ने ही 2011 में हॉरर-थ्रिलर ‘रागिनी एमएमएस’ डायरेक्ट की थी, जिसका सीक्वल मार्च में रिलीज होने को तैयार है और एडल्ट फिल्मों की स्टार सनी लियोनी के कारण इन दिनों खूब चर्चा में है।
फिर आएगी रागिनी एमएमएस 2 की बारी
‘रागिनी एमएमएस-2’ का निर्देशन भूषण पटेल कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘1920: इविल रिटर्न्स’ डायरेक्ट की थी। सनी लियोनी की इस फिल्म को निर्माता एकता कपूर सेक्स के तड़के के साथ जमकर प्रमोट कर रही हैं। एकता की टीम ने फिल्म के लिए नया शब्द गढ़ा है, हॉरेक्स यानी हॉरर प्लस सेक्स।
ट्रेलर में सनी को काफी अंग प्रदर्शन करते दिखाया जा रहा है। फिल्म के प्रोमो संकेत कर रहे हैं कि सनी ही फिल्म में भूत भी बनी हैं! लेकिन सचाई जानने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।
हिंदी फिल्मों रामसे ब्रदर्स हॉरर सिनेमा का पर्याय हैं। 1970 और 80 के दशक में हॉरर के अकेले ब्रांड रामसे एक बार फिर सिनेमाघरों में लौट रह हैं। बदले हुए वक्त के साथ खुद को बदल कर। 28 फरवरी को रामसे बंधुओं में से एक श्याम रामसे अपनी फिल्म लेकर आ रहे हैं ‘नेबर्स’ यानी पड़ोसी।
लौट रहे हैं रामसे ब्रदर्स
श्याम रामसे अनुसार उन्होंने यह फिल्म वैसे तो अपने पुरानी ब्रांडिंग के हिसाब से ही बनाई है, मगर नई पीढ़ी के दर्शकों का पूरा खयाल रखा है। पहली बार रामसे की फिल्म मल्टीप्लेक्सों में भी रिलीज होगी। रामसे नए दर्शकों लुभाने के इरादे से कमर कस चुके हैं और इस साल उनकी 1988 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘वीराना’ का सीक्वल भी दर्शकों तक पहुंचेगा। जिसे श्याम रामसे की बेटी साशा रामसे डायरेक्ट करेंगी।
हॉरर फिल्में बनाने में बीते कुछ वर्षों में विक्रम भट्ट ने भी ख्याति पाई है। इस साल वह दो फिल्में लेकर आ रहे हैं। ‘क्रीचर’ और ‘1920: लंदन’। खास बात यह है कि इस साल मई में ‘क्रीचर’ दर्शकों तक 3डी अंदाज में पहुंचेगी और इसमें बिपाशा बसु मुख्य भूमिका निभाएंगी। जबकि उनके हीरो होंगे पाकिस्तानी मॉडल-ऐक्टर इमरान अब्बास नकवी।
फिर मौत भी आएगी
इसी तरह से ‘1920: लंदन’ में भी दर्शकों को दो सितारे देखने को मिलेंगे। प्राची देसाई के साथ यहां कन्नड़ फिल्मों के हीरो दिगंत बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं।
इन फिल्मों के अलावा अगस्त में नए ऐक्टरों के साथ निदर्शेक हनीफ शेख की ‘मौत’ भी रिलीज होगी। अगस्त में आने वाली इस फिल्म का हॉरर इस लिहाज से अनूठा होगा कि यह बताएगा कई बार सिर्फ डर ही मौत का कारण बनता है। यानी अब आप कह सकेंगे... डर के आगे मौत है!!
यह जरूरी नहीं कि सिनेमाघरों में भूत-प्रेत डराएं ही। बॉलीवुड इन्हें दूसरे अंदाज में दिखाने के लिए भी तैयार है। थोड़ा दोस्त के जैसा और थोड़ा कॉमिक अंदाज में। एक तरफ जहां 11 अप्रैल में रिलीज होने वाली फिल्म ‘भूतनाथ रिटर्न्स’ में अमिताभ बच्चन बच्चों के मददगार भूत होंगे, वहीं इससे पहले 21 मार्च को थियेटरों में लगने वाली निर्देशक सतीश कौशिक की ‘गैंग ऑफ घोस्ट’ में भूत कॉमेडी करेंगे।
अनुपम खेर के नेतृत्व में जैकी श्रॉफ, माही गिल, चंकी पांडे, राजपाल यादव और सौरभ शुक्ला जैसे भूतों की टोली दर्शकों को हंसाएगी। फिल्म में शरमन जोशी भी हैं। ‘भूतनाथ रिटर्न्स’ में शाहरुख खान और रणबीर कपूर जैसे सितारे मेहमान कलाकारों की भूमिका में हैं। दूसरी तरफ ‘गैंग ऑफ घोस्ट’ में दर्शकों को 1930 से लेकर 2013 तक भूत बनने वाले लोगों की मजेदार दास्तानें देखने को मिलेंगी।