निर्देशक आनंद एल राय की फिल्म ‘अतरंगी रे’ और सोनी लिव का शो ‘द व्हिसलब्लोअर’ करने के बाद अभिनेता आशीष वर्मा ने अपनी अगली फिल्म चर्चित निर्देशक होमी अदजानिया के साथ शुरू की है। फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है लेकिन पता चला है कि इस फिल्म की शूटिंग जयपुर में शुरू हो चुकी है।
अभिनेता आशीष वर्मा अपने किरदारों के जरिये लोगों के बीच अपनी छाप छोड़ती रहे हैं। आशीष अपने अगले प्रॉजेक्ट की तैयारियों में अरसे से जुटे रहे हैं। वह इन दिनों होमी अदजानिया की अनाम फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में जयपुर में हैं। जानकारी के मुताबिक होमी पिछले दो महीनों से जयपुर में शूटिंग कर रहे हैं।
आशीष अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर बेहद उत्साहित हैं साथ ही लोगों से मिल रहे प्यार और सम्मान के लिए खुद को आभारी भी मानते हैं। वह कहते हैं, "अतरंगी रे की शूटिंग करने का अनुभव बहुत ही शानदार और दिल को छू जानेवाला था। हम इस समय कोविड 19 जैसी महामारी से जूझ रहे हैं ऐसे में हमे जैसे ही फिल्म की शूटिंग की अनुमति मिली हमने काम शुरू कर दिया। इस फिल्म में मुझे परफॉर्म करने के लिए पूरा मौका दिया गया। आनंद सर और धनुष के साथ काम करना मानो अपनी बैकेटलिस्ट में से एक सपना सच होने जैसा रहा।"
वहीं अपनी सीरीज द व्हिसलब्लोअर के बारे में आशीष समीक्षकों और दर्शकों से मिली प्रतिक्रियाएं समझ रहे हैं। आशीष के मुताबिक सीरीज के साथ साथ इसके कलाकारों को भी लोगों ने काफी सराहा है और यह बहुत ही दमदार कलाकारों के साथ काम करने का मौका रहा। वह कहते हैं, “समान विचारधारा वाले दमदार कलाकारों और क्रू के साथ काम करना बेहद मजेदार था।”