साल 2022 में साउथ फिल्मों ने सिनेमाघरों में जमकर कमाल दिखाया। दर्शकों के बीच साउथ की फिल्में बेहद पसंद की गईं। 2022 में कन्नड़ ब्लॉकबस्टर केजीएफ और कंतारा ने जमकर प्रशंसक बटोरे। वहीं, साउथ की पुष्पा भी दर्शकों को खूब पसंद आई। दरअसल, इस साल कन्नड़ इंडस्ट्री ने केजीएफ और कांतारा के चलते अपनी अलग पहचान बनाई। कांतारा और केजीएफ हाउस होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बनी है। होम्बले फिल्म्स के संस्थापक विज किरागंदूर ने इसको लेकर एक लक्ष्य तय किया है। उनका कहना है कि कंपनी दक्षिण भाषाओं में फिल्में बनाने की तैयारी कर रही है, जिसे लेकर वह भारत में मनोरंजन उद्योग में अगले पांच साल में लगभग 3,000 करोड़ रुपये निवेश करने का इरादा बना रहे हैं, जिससे मनोरंजन उद्योग में बढ़ोतरी होगी.
दक्षिण भाषाओं में फिल्में बनाने की योजना
किरागंदूर ने बताया कि इसमें मिश्रित कहानियां होंगी। हर साल यहां पर लगभग पांच से छह फिल्में होंगी, जिसमें एक इवेंट फिल्म भी शामिल की जाएगी। फिलहाल, वह दक्षिण भाषाओं में फिल्में बनाने की योजना बना रहे हैं। निर्माता ने आगे कहा कि वह इन कहानियों के जरिये दर्शकों के बीच पहुंचना चाहते हैं। वह भारतीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए वैश्विक दर्शकों के दिलों में जगह बनाने चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह इन फिल्मों के माध्यम से युवा पीढ़ी को जोड़े रखना चाहते हैं और देश की अर्थव्यवस्था में भी योगदान देना चाहते हैं। दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए बंगलुरु स्थित प्रोडक्शन बैनर द्वारा जल्द ही हिंदी फिल्म उद्योग के लेखकों और निर्माताओं के साथ मुलाकात की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Avatar The Way of Water Week 1: आज दो सौ करोड़ के पार हो जाएगी अवतार 2, टॉप 10 में पहुंची दूसरे नंबर पर
बॉलीवुड के लेखकों के साथ शुरू किया काम
वहीं, इस बारे में बात करते हुए होम्बले फिल्म्स के साथी चालुवे गौड़ा ने कहा कि बॉलीवुड के दो मुख्य लेखकों के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही फिल्म की कहानी तैयार हो जाएगी, वैसे ही निर्देशकों और कलाकारों की तलाश शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस समय उनका सारा ध्यान लेखकों पर, है जो बेहतर कहानी तैयार करते हैं।
केजीएफ 3 बनाने की तैयारी
होम्बले फिल्म्स ने इस साल वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 'केजीएफ-चैप्टर 2' और 'कांतारा' के साथ बड़ी सफलता हासिल की। दोनों फिल्मों ने दुनिया भर में लगभग 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। किरागंदूर ने बताया कि वह अपने द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ने में समर्थ थे, जिसमें से 'कांतारा' कर्नाटक में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी। इसके अलावा 'केजीएफ 2' के लिए दर्शकों की संख्या पहले से बढ़कर छह करोड़ तक पहुंच गई और 'कांतारा' के लिए यह लगभग ढाई से तीन करोड़ रही। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में केजीएफ का तीसरा भाग भी लाइन में है।