फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईद पर टिकट खिड़की पर कब-कब बरसी है ईदी

Fri, 09 Aug 2013 08:29 AM IST
रोहित मिश्र
विज्ञापन
विज्ञापन
पिछले कुछ सालों से टिकट खिड़की पर ईद के मौके पर रिलीज होने वाली फिल्मों को दर्शकों की तरफ से ईदी मिलती रही है। सलमान खान ईद पर रिलीज होने वाली फिल्मों के जैसे चेहरे ही बन गए थे। इस बार दांव शाहरुख पर लगा है।
विज्ञापन


2009 के बाद ऐसा पहली बार होने जा रहा है जब ईद पर सलमान खान की कोई फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। पिछले चार सालों से ईद के दिन या उससे कुछ दिन पहले सलमान खान की कोई न कोई फिल्म रिलीज होती रही है।

जिस तरह से आमिर खान की फिल्में क्रिसमस और शाहरुख की फिल्में आमतौर पर दीवाली पर रिलीज होती रही है ईद के साथ सलमान खान का कुछ वैसा ही कनेक्शन है। सलमान खान की पूरी कोशिश थी कि उनकी फिल्म 'मेंटल' इस साल ईद के मौके पर ही रिलीज हो। लेकिन अलग-अलग मुकदमों में फंसे होने के अलावा कुछ अन्य वजहों से सलमान की यह फिल्म लटक गई। अब यह फिल्म 2014 की जनवरी में रिलीज होगी।
विज्ञापन


इस बार ईद पर सलमान खान नहीं उनके प्रतिद्घंदी शाहरुख की फिल्म रिलीज होने जा रही है। शाहरुख खान की फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' इस ईद पर रिलीज होगी। यह फिल्म बड़े पैमाने पर रिलीज हो रही है। उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म भी सलमान खान की फिल्मों की तरह ही साल की सबसे बड़ी हिट साबित होगी। आइए जानते हैं कि पिछले पांच सालों में ईद पर रिलीज हुई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कैसा जादू बिखेरा है।

'एक था टाइगर' ने बनाया रिकॉर्ड

पिछले साल यानी कि 2012 में ईद के मौके पर रिलीज हुई फिल्म 'एक था टाइगर' ने कमाई के मामले में रिकॉर्ड बनाया है। सलमान खान के साथ इस फिल्म में कैटरीना कैफ थीं। इस फिल्म के नाम पहले दिन सबसे ज्यादा कमाने का रिकॉर्ड दर्ज है। यह फिल्म हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन गई है। कमाई के मामले में इस फिल्म से आगे अब सिर्फ आमिर की फिल्म '3 इडियट्स' है। यह फिल्म अब तक भारत और विदेश में मिलाकर तीन सौ करोड़ रूपए कमा चुकी है।

2011 में बॉडीगार्ड रही हिट

2011 की ईद में भी सलमान छाए रहे हैं। 2011 में रिलीज हुई फिल्म 'बॉडीगार्ड' भी सुपरहिट साबित हुई। करीना कपूर और सलमान खान की इस जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस फिल्म को भी शानदार शुरुआत मिली। इस फिल्म में सलमान खान, करीना कपूर के बॉडीगार्ड होते हैं। बॉडीगार्ड एक तमिल फिल्म का रीमेक थी। इस फिल्म ने भी अब तक 230 करोड़ रूपए कमा लिए हैं। इस फिल्म ने 100 करोड़ अपने पहले हफ्ते में ही कमा लिए।

2010 में दिखी दबंगई

सलमान खान के साथ जो दबंग इमेज इन दिनों बनी हुई है उसकी शुरुआत 2010 में उनकी सुपरहिट फिल्म 'दबंग' से हुई। ईद के मौके पर रिलीज हुई यह फिल्म उस साल की सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई। अभिनव कश्यप निर्देशित इस फिल्म ने सलमान की एक नई इमेज गढ़ी। इसी फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा सलमान खान के अपोजिट थीं। इस फिल्म में मल्लाईका अरोड़ा पर फिल्माया गया गाना "मुन्नी बदनाम हुई" जबर्दस्त हिट साबित हुआ। इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़े। अब तक यह फिल्म 295 करोड़ कमा चुकी है।

2009 में 'वांटेड' बनी बड़ी हिट

सलमान खान का कैरियर एक समय कमजोर हो चला था। 2009 की ईद पर रिलीज हुई फिल्म 'वांटेड' सलमान के डूबते कैरियर के लिए बड़ा सहारा बनी। प्रभु देवा निर्देशित इस फिल्म में सलमान खान का एक्शन चेहरा देखने को मिला। तेलुगू फिल्म पोकरी की इस रीमेक फिल्म में सलमान के अपोजिट आयशा टाकिया थीं। सलमान के फैन्स को सलमान का यह एक्शन अवतार खूब रास आया। 35 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अब तक 91 करोड़ रूपए कमा चुकी है। इस सलमान की कमबैक फिल्म के रूप में याद किया जाता है।

2008 की ईद रही सूखी

2008 की ईद में एक नहीं दो फिल्में रिलीज हुईं। दोनों ही फिल्में बड़े बजट और बड़े सितारों की फिल्में थीं। संजय गढ़वी निर्देशित एक्शन थ्रिलर फिल्म 'किडनैप' में संजय दत्त के अलावा इमरान खान ने मुख्य भूमिका निभाई थी। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म असफल रही। रिलीज हुई दूसरी फिल्म गोल्डी बहल निर्देशित द्रोण थी। इस पीरियड फिल्म में अभिषेक बच्चन ने मुख्य भूमिका निभाई। प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म में अभिषेक के अपोजिट थीं। किडनैप की तरह यह फिल्म भी बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें