जब पकड़ा गया अभिषेक बच्चन का रिपोर्ट कार्ड
एक बार अभिषेक बच्चन ने किस्सा साझा करते हुए बताया था कि कैसे उन्होंने एक बार पिता अमिताभ बच्चन से अपना रिपोर्ट कार्ड छिपाने की कोशिश की थी और पकड़े गए थे। अभिषेक ने बताया था कि "मैं डाकिया का इंतजार करता था और सोचता था कि रिपोर्ट कार्ड मिलने पर छुपाकर रखूंगा, जब तक कि वापस स्विट्जरलैंड (उस वक्त अभिषेक बच्चन स्विट्जरलैंड में पढ़ाई कर रहे थे) न चला जाऊं, लेकिन पापा के हाथ में मेरा रिपोर्ट कार्ड लग गया और वह इसे अपने स्टडी रूम में बैठकर जोर-जोर से पढ़ रहे थे, मेरे मन में ख्याल आ रहे थे कि उन्हें मेरा रिपोर्ट कार्ड कैसे मिला, क्या उन्होंने डाकिया को रिश्वत दी होगी या फिर मुझसे पहले जाग गए थे?"
जब बिग बी ने बेटे को दी जिम्मेदार बनने की सीख
अभिषेक बच्चन ने जिक्र करते हुए यह भी बताया था कि कैसे जब उनके खराब ग्रेड आते थे तो अमिताभ बच्चन उन्हें समझाया करते थे। जूनियर बच्चन ने बताया था कि उनके पिता ने उन्हें बैठकर समझाया था कि देखो बेटा, हम इतना संघर्ष करके पैसे कमाते हैं, मेहनत करके पढ़ा-लिखा रहे हैं। इसका मतलब ये नहीं है कि तुम उधर मस्ती करो। तुम्हें जिम्मेदार बनना होगा।
पढ़ाई छोड़कर वापस आ गए थे अभिषेक बच्चन
आज अमिताभ बच्चन की गिनती फिल्म इंडस्ट्री के सबसे अमीर सेलेब्स में होती है लेकिन उन्होंने भी अपने जीवन में प्रतिकूल स्थितियों का सामना किया है। एक बार साक्षात्कार के दौरान अभिषेक बच्चन ने जिक्र किया था कि कैसे पैसे न होने पर उनके पिता को खाने तक के लिए स्टाफ से पैसे उधार लेने पड़े थे। उस समय अभिषेक बच्चन बॉस्टन में अभिनय के गुर सीख रहे थे और जैसे ही उन्हें इस बारे में पता चला था तो वह अपने पिता का साथ देने पढ़ाई छोड़कर वापस आ गए थे।
बिग बी की आवाज से उनके घर में हर काम होता है राइट टाइम
अभिषेक बच्चन बताते हैं कि उनके पिता अमिताभ बच्चन ने कभी भी भी उनके ऊपर हाथ नहीं उठाया, यहां तक कि कभी ऊंची आवाज में बात तक नहीं की है। इस बारे में अभिनेता कहते हैं कि घर में उनकी तेज आवाज ही काफी है और सब कुछ राइट टाइम पर हो जाता है।