गुरु रंधावा ने पंजाबी मेनस्ट्रीम पॉप में वह जगह कब्जा ली है जिस पर यो यो हनी सिंह का राज रहा है। म्यूजिक कंपनी टी सीरीज का उनको सहारा मिला और अपने गानों की शोहरत को वह अपने स्टेज शोज में खूब भुनाते रहे। लेकिन, इस बार उनके रास्ते का स्पीडब्रेकर है म्यूजिक वीडियो- तेरे ते।
गुरु रंधावा की शोहरत भौगोलिक सीमाएं तो लांघ चुकी है, लेकिन उनके म्यूजिक वीडियो अंतर्राष्ट्रीय स्तर के नहीं बन रहे हैं। डायरेक्टर गिफ्टी ने गुरू का ये म्यूजिक वीडियो कुछ विदेशी लड़कियों के साथ एक बंद स्टूडियो में शूट करके एक तरह से उन्हें नुकसान पहुंचाया है। गाने की बात करें तो इक्का के लिखे गीत में चुहलबाजी का पुट गायब है और छेड़छाड़ की जो शरारतें एक लोकप्रिय गीत में होती हैं, वे भी नदारद हैं। इक्का की पूरी कोशिश है कि किसी तरह यो यो हनी सिंह को मात दी जाए और यहां तक वो रैप में भी यो यो का नाम लेने से खुद को बचा नहीं पाए, रैप की एक लाइन है, 'जब करै वॉक सब कुछ लगे स्लो मो, अप एंड डाउन जाती लाइक ए यो यो।'
एक बहुत ही साधारण संगीत मालूम पड़ता है। कहीं कुछ ऐसा नहीं जो तुरंत हुक करता हो। गायिकी में ऑटो ट्यूनर के इस्तेमाल ने भी गुरु रंधावा की साख को इस गीत में बट्टा ही लगाया है। गुरु रंधावा का अपना एक स्टाइल है, लेकिन कॉकटेल जैसे गानों में कभी ध्वनि भानुशाली तो कभी इक्का के साथ मिक्स कर टी सीरीज न सिर्फ अपना बल्कि गुरु रंधावा का बड़ा नुकसान कर रही है।