राजकुमार गुप्ता निर्देशित फिल्म 'घनचक्कर' इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में विद्या बालन और इमरान हाशमी की जोड़ी नजर आएगी। इसके अलावा राजेश शर्मा की भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका है।
कॉमिक थ्रिलर फिल्म 'घनचक्कर' 28 जून को रिलीज हो रही है। विद्या बालन की शादी के बाद यह उनकी पहली फिल्म है। 'घनचक्कर' फिल्म एक ऐसे चोर की कहानी है जिसकी याददाश्त बैंक लूटने के बाद चली जाती है।
फिल्म में तमाशा तब खड़ा होता है जब बैंक लूटने में साथी रहे दो और लोग एक महीने के बाद अपना शेयर मांगने आते हैं।
बैंक लूटने वाले के किरदार को पर्दे पर इमरान हाशमी निभा रहे हैं। विद्या बालन उनकी पंजाबी पत्नी बनी हैं। विद्या इस फिल्म में जोरदार कॉमेडी करती हुई नजर आएंगी। इस फिल्म के लिए विद्या ने खासतौर पर पंजाबी सीखी है।
सिद्वार्थ रॉय कपूर और रोनी स्क्रूवाला द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म के ट्रेलर और गाने पहले ही हिट हो चुके हैं। इस फिल्म के जरिए ही गायक अल्ताफ राजा भी लंबे समय के बाद फिल्मों में वापसी कर रहे हैं।
इस फिल्म के निर्देशक राजकुमार गुप्ता दो साल बाद वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म से पहले उन्होंने विद्या बालन के साथ ही 'नो वन किल्ड जेसिका' फिल्म बनाई थी।
'घनचक्कर' के अलावा और कोई हिंदी फिल्म इस शुक्रवार को रिलीज नहीं हो रही है। पिछले शुक्रवारों को रिलीज हो चुकीं फिल्में 'ये जवानी है दीवानी', 'फुकरे' और 'रांझणा' दर्शकों के लिए उपलब्ध होंगी।