फिल्म "गैंग" 14 अप्रैल 2000 को रिलीज हुई थी, जिसमें जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, कुमार गौरव, जूही चावला और जावेद जाफरी जैसे सितारों ने अभिनय किया था। आज फिल्म की सिल्वर जुबली है। आइए जानते हैं फिल्म से जुड़े दिलचस्प किस्से...
विज्ञापन
दस साल की देरी के बाद पूरा हुआ मजहर खान का सपना
"गैंग" की शूटिंग 1990 में शुरू हुई थी, लेकिन इसके निर्देशक मजहर खान की खराब सेहत के कारण यह फिल्म कई सालों तक अटकी रही। मजहर खान इस फिल्म को अपने करियर का एक बड़ा प्रोजेक्ट मानते थे, लेकिन 1998 में उनकी मृत्यु हो गई। उनके असिस्टेंट डायरेक्टर ने इसे पूरा किया और आखिरकार 2000 में रिलीज किया गया।
आर.डी. बर्मन का आखिरी संगीत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म में मशहूर संगीतकार आर.डी. बर्मन ने आखिरी बार संगीत दिया था। या यूं कह सकते हैं कि यह उनकी आखिरी फिल्मों में से एक थी। उनकी मृत्यु 1994 में हो गई थी, लेकिन "गैंग" के गाने उनके अनोखे अंदाज को दर्शाते हैं। सिल्वर जुबली पर इस फिल्म को याद करना बनता है क्योंकि पंचम दा के संगीत का जादू इस फिल्म में आखिरी बार सुनाई दिया था।
चार दोस्तों की गैंग का अनोखा कॉन्सेप्ट
फिल्म की कहानी चार दोस्तों गंगू, अब्दुल, निहाल और गैरी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके नाम से "G.A.N.G" बनता है। यह कॉन्सेप्ट उस दौर में काफी नया था। उस समय के दर्शकों को यह फिल्म खूब पसंद आई थी।
जावेद जाफरी की कॉमेडी
जावेद जाफरी ने फिल्म में एक हल्का-फुल्का किरदार निभाया था, जो गंभीर गैंगस्टर ड्रामा में कॉमेडी का तड़का लगाता है। उनके फैंस आज भी उनके डायलॉग्स और अंदाज को याद करते हैं।
कम बजट की फिल्म
"गैंग" कोई बहुत बड़े बजट की फिल्म नहीं थी, लेकिन इसके किरदारों और कहानी ने दर्शकों पर गहरा असर छोड़ा। 25 साल बाद भी इसके डायलॉग्स और सीन की चर्चा होती है, जो इसे एक यादगार फिल्म बनाते हैं।