गणतंत्र दिवस से एक दिन पूर्व देश के शीर्ष नागरिक पुरस्कारों यानी पद्म पुरस्कारों का एलान किया गया था। दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार दिए जाने की घोषणा हुई। इसे लेकर ही-मैन के प्रशंसक बेहद खुश हुए। फिल्म इंडस्ट्री के तमाम सितारों ने भी इसका स्वागत किया। मगर, सभी के मन में एक यही मलाल है कि काश धर्मेंद्र को यह पुरस्कार उनके जीवित रहते मिला होता। अब मशहूर निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा ने भी इस पर रिएक्शन दिया है।
'वे इसके बहुत पहले से हकदार थे'
'गदर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दर्शकों को देने वाले अनिल शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट शेयर कर धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने के एलान का स्वागत किया और बधाई दी। मगर, साथ ही कहा कि एक्टर इसके हकदार बहुत पहले से थे। काश इसका एलान पहले होता और वे खुद इस सम्मान को ले पाते। बता दें कि धर्मेंद्र 24 नवंबर 2025 को इस दुनिया को अलविदा कह गए।