'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर यह मूवी सिनेमाघरों में छाई हुई है, और आगे भी इसके जरिए कई रिकॉर्ड्स के टूटने की उम्मीद की जा रही है। वहीं, ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' की अगली कड़ी 'गदर 2' के निर्माताओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर फिल्म प्रेमियों के लिए एक विशेष पेशकश की घोषणा की है। 11 अगस्त, 2023 को रिलीज हुई इस मूवी को अगर आप अब तक नहीं देख पाए हैं, तो निर्माताओं की ओर से दिए गए ऑफर के बाद आप सिनेमाघरों का रुख जरूर करेंगे।
'गदर 2' में सनी देओल और अमीषा पटेल के अलावा उत्कर्ष शर्मा भी मुख्य भूमिका में हैं। निर्माताओं की ओर से दिए गए नए ऑफर से साफ हो रहा है कि फिल्म रक्षाबंधन पर और अच्छी कमाई करेगी। 'गदर 2' के कलेक्शन को बढ़ाने के लिए अब निर्माताओं ने फिल्म के लिए एक स्कीम चुनी है, जो 'दो खरीदो, दो फ्री पाओ' है। यह प्लान निर्माताओं ने मूवी को जल्द से जल्द 500 करोड़ रुपए के क्लब में शामिल कराने के लिए किया है। 'गदर 2' इस वर्ष की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक साबित हुई है।
नया ऑफर 'गदर' फ्रेंचाइजी के प्रशंसकों के लिए अपने परिवार और दोस्तों के साथ फिल्म देखने, और भाई-बहन के बंधन का जश्न मनाने का एक शानदार अवसर है। 'गदर 2' एक पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म है, जो अनिल शर्मा द्वारा निर्देशित और निर्मित है, और शक्तिमान तलवार द्वारा लिखित है। यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, और तारा सिंह की कहानी है, जो युद्ध के दौरान कैद अपने बेटे को छुड़ाने के लिए पाकिस्तान पहुंचता है।
Imran Khan: 'देल्ही बेली' को लेकर इमरान खान का खुलासा, कहा- मुझे लगता था सेंसर बोर्ड इसे कभी पास नहीं करेगा
'गदर 2' की बंपर कमाई देखते हुए यह कयास लगाया जा रहा है कि यह इस वर्ष की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक होगी, और अन्य फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को चुनौती देगी। यह फिल्म पहले ही 460 करोड़ घरेलू नेट के साथ दुनिया भर में 608.95 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। दरअसल, इसने शाहरुख खान की 'पठान' को भी पछाड़ दिया है, और सबसे तेजी से 450 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली फिल्म बन गई है। 'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर दो सप्ताह से अधिक समय से अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है।