सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म कबाली शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म को लेकर रजनीकांत के समर्थकों में इतना उत्साह है कि उन्होंने टिकट बुकिंग की शुरुआत होने के कुछ ही घंटों के भीतर फिल्म हाउसफुल हो गई।
फिल्म का क्रेज इतना जबरदस्त है कि साउथ के कई सिनेमाघरों में गुरुवार की रात 12 बजे से ही शो की शुरुआत हुई। इसके अलावा कई सिनेमाघरों में सुबह 5 बजे से शो चलाया जाएगा। शुक्रवार को सुपर सितारे रजनीकांत की कबाली रिलीज हो रही है और साउथ के तमाम सिनेमा घर पूरे हफ्ते के लिए एडवांस में फुल हैं।
मुफ्त ऑटो सेवा
कबाली फिल्म
- फोटो : PTI
रजनीकांत की फिल्म कबाली को लेकर लोगों को जुनून देखते हुए कई सिनेमाघर अपने दर्शकों के लिए कई तरह की सुविधाएं मुहैया करा रहे हैं। इन्हीं में से एक सिनेमाघर है मुंबई का अरौरा थियेटर जो अपने दर्शकों को मुफ्त में ऑटो सुविधा मुहैया करा रहा है।
इसके अलावा अन्नामलाई के एक ऑटो ड्राइवर भी हैं जिन्होंने कबाली देखने जाने वाले दर्शकों के लिए मुफ्त सेवा मुहैया कराने की पेशकश की है। उनका कहना है कि वह कबाली देखने जाने वाले दर्शकों को मुफ्त में अपने ऑटो की सवारी कराएंगे और उन्हें सिनेमाघर तक पहुंचाएंगे।
22 जुलाई को मनेगा 'कबाली डे'
कबाली रजनी
- फोटो : Self
इसके अलावा 22 जुलाई को तमिलनाडु में कुछ निजी कंपनियों ने छुट्टी भी घोषित कर दी है, जिससे कर्मचारी फिल्म देख सकें। तमिल फिल्म इंडस्ट्री ने इस दिन को ‘कबाली डे’ घोषित करके उस दिन कोई शूटिंग न रखने का फैसला किया है। राज्य में चारों तरफ त्योहार जैसा माहौल है। बेंगलूरु के कई फाइव स्टार होटलों में तो बाकायदा इस फिल्म को दिखाने की कवायद शुरू हो गई है। हालांकि, कर्नाटक फिल्म चैम्बर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) और कर्नाटक स्टेट फिल्म एक्जिबिटर्स एसोसिएशन (केएसएफइए) ने इसका विरोध किया है।
65 वर्षीय रजनीकांत इस फिल्म में एक एंटी-हीरो अंडरवर्ल्ड डॉन बने हैं। राधिका आप्टे उनकी प्रेमिका के रोल में हैं। ट्रेड के जानकारों के अनुसार 160 करोड़ रुपये में बनी यह फिल्म रिलीज से पहले 200 करोड़ रुपये अपनी जेब में डाल चुकी है। अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि कबाली के रिलीज के दिन एक दिन की छुट्टी तक हो गई।