जज्बा, काबिल, शूटआउट एट वडाला जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके निर्देशक संजय गुप्ता मार्वल और डीसी जैसी कॉमिक्स पर बनी सफल फिल्मों से सीख लेने के बाद अब भारतीय सुपरहीरोज की सीरीज पर काम करने वाले हैं। इसके लिए उन्होंने भारतीय कॉमिक्स नॉवेल 'रक्षक' की सीरीज को चुना है। इस किताब के उन्होंने सारे अधिकार खरीद लिए हैं, और जल्द ही वह इसे सिनेमा में तब्दील करने जा रहे हैं।
फिल्म निर्माता ने बताया, 'मैं जब अपनी एक और बड़ी फिल्म पर काम कर रहा था, तब मैं 'रक्षक' के लेखक शमिक दासगुप्ता से मिला था। उस समय, उन्होंने सारी किताबों को मेरे साथ साझा किया था लेकिन मैं अपने दूसरे जरूरी कामों की वजह से इसके बारे में भूल गया था। लेकिन हाल ही में, जब शमिक मेरी आने वाली फिल्म 'मुंबई सागा' के सेट पर आए, तो वहां जॉन (अब्राहम) थे, जिसने मुझे इसके बारे में याद दिलाया, और यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट में दम है। जब मैंने इसे पढ़ा, तो इसके मुख्य किरदार, सुपरविलेन और इसकी कहानी ने मुझे बहुत उत्साहित कर दिया। यह ग्राफिक उपन्यास / कॉमिक बुक पर आधारित भारत की पहली फिल्म होगी।'
शमिक और किताब के प्रकाशक के साथ छह महीने की बातचीत के बाद, फिल्म निर्माता ने अधिकार हासिल कर लिए हैं। गुप्ता कहते हैं, 'मैं इसे निर्देशित करूंगा, लेकिन अभी फिलहाल में अपनी फिल्म 'मुंबई सागा' पर काम कर रहा हूं। सीरीज की पहली फिल्म की शूटिंग अगले साल के अंत तक शुरू होने की संभावना है। फिल्मकार का कहना है, 'शमिक सीरीज की बाद की किताबों पर भी काम कर रहे हैं और हमने शुरुआती काम भी शुरू कर दिया है।'
संजय बताते हैं कि अभी इस सीरीज के लिए कोई कलाकार तय नहीं किया है। वह कहते हैं, 'हमें कोई जल्दी नहीं है। सिर्फ हीरो ही नहीं, मुझे एक मजबूत सुपरविलेन भी चाहिए जो मार्शल आर्ट जैसी कलाओं में निपुण हो। यह काम बहुत कठिन होने वाला है।'