अमेरिका की चैपमैन यूनीवर्सिटी के डॉज कॉलेज ऑफ फिल्म एंड मीडिया आर्ट्स में रविवार को संपन्न हुए सिख आर्ट्स एंड फिल्म फेस्टिवल (एसएएफएफ) में चंडीगढ़ के फिल्मकार ओजस्वी ने अपनी फिल्म चौरासी से खूब वाहवाही लूटी। फिल्म फेस्टिवल में ओजस्वी की दो और फिल्मों स्कार्स और बटर टोस्ट का भी प्रदर्शन किया गया। इस फेस्टिवल में ओजस्वी की ये हैट्रिक है, उनकी फिल्मे लगातार तीन साल ये यहां आधिकारिक प्रविष्टि पा रही हैं।
एसएएफएफ में ओजस्वी ने दो साल पहले अपनी फिल्म जुबान से डेब्यू किया, पिछले साल उनकी फिल्म रूह को फेस्टिवल में काफी चर्चा मिली। इस साल फिल्म चौरासी फेस्टिवल की ओपनिंग फिल्म रही। भारतीय राजनीति की दशा और दिशा दोनों बदल देने वाले साल 1984 में हुई दो बड़ी घटनाओं के तार जोड़ती फिल्म चौरासी मध्य प्रदेश में बसे एक सिख दंपत्ति की कहानी कहती है।
फिल्म में लीड रोल कर रहीं मधु बाला के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा रंजीत पन्नू, यशपाल तिवारी, हरविंदर सिंह, खुशप्रीतकौर, सौदामिनी कपूर, सिद्धार्थ ओहरी, सनी ढिल्लन, सोनपाल सिंग, मोहम्मद फैजान, बलविंदर बन्नू और नितिन दिलावरी के अभिनय को भी लोगों ने फिल्म चौरासी में पसंद किया।
इस बारे में अमर उजाला से बात करते हुए ओजस्वी शर्मा कहते हैं, “हम पिछले तीन साल से ऐसी फिल्में लेकर अमेरिका के इस फेस्टिवल पहुंचते रहे हैं जो न सिर्फ समय के हिसाब से सामयिक हैं बल्कि जिनके तार हमारे इतिहास से बहुत गहरे जुड़े हुए हैं। मैं अपनी फिल्मों के जरिए ऐसे विषय उठाने की कोशिश करता रहा हूं जिनका सीधा नाता हमारे आसपास के लोगों के एहसासों से है।”
पहली मुलाकात में अनुष्का की इस बात पर फिदा हो गए थे विराट कोहली