फिल्ममेकर अविनाश दास की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। गुजरात पुलिस ने उन्हें ट्विटर पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मंगलवार को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने उन्हें हिरासत में लिया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें ्अहमदाबाद मेट्रोपोलिटन कोर्ट में पेश किया। जिसके बाद अदालत ने उन्हें एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।
इससे पहले, इस बारे में क्राइम ब्रांच के डिप्टी पुलिस कमिश्नर चैतन्य मांडलिक ने बताया, 'दास को बुधवार को सुबह चार बजे आधिकारिक रूप से गिरफ्तार किया गया था। अब हम उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को स्कैन कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अतीत में कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी या नहीं। हम उन्हें रिमांड लेने के लिए दोपहर में एक अदालत में पेश करेंगे।'
क्राइम ब्रांच ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि दास की ओर से किया गया एक और ट्वीट मिला है जो और हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है। पुलिस के मुताबिक दास ने अपने ट्विटर हैंडल पर 1 मई 2016 को इसे पोस्ट किया था।
बता दें कि अविनाश दास पर भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल की गृह मंत्री अमित शाह के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप है। इसके अलावा उन पर राष्ट्र ध्वज के अपमान का मामला भी दर्ज है। कई धाराओं में केस दर्ज होने के बाद फिल्ममेकर ने सेशन कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया था। इसके बाद हाई कोर्ट ने भी उन्हें अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था।
गौरतलब है कि दास अब तक कई फिल्मों और वेब सीरीज का निर्देशन कर चुके हैं। उन्होंने स्वरा भास्कर, संजय मिश्रा और पंकज त्रिपाठी अभिनीत 2017 की फिल्म 'अनारकली ऑफ आरा' और 2021 की फिल्म 'रात बाकी है' का निर्देशन किया था। इसके अलावा वह 'शी' नाम की एक नेटफ्लिक्स सीरीज को भी डायरेक्ट कर चुके हैं।