कई बार अलग-अलग वजहों से अटकी फिल्म 'जिला गाजियाबाद' 22 मार्च को रिलीज हो रही है। अब इस फिल्म को कुछ विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ रहा है। कुछ संगठनों ने फिल्म के नाम पर आपत्ति की है। जिस तरह का विरोध इस फिल्म के लिए किया जा रहा है उसमें अब यह सवाल उठने लगे हैं कि कहीं फिल्म 'जिला गाजियाबाद' को चर्चा में लाने के लिए जानबूझ कर यह विवाद तो नहीं खड़े किए जा रहे हैं।
जो संगठन इस फिल्म का विरोध कर रहा है उसकी अपनी कोई पुरानी पहचान नहीं है। प्रश्न यह भी उठ रहा है कि 'जिला गाजियाबाद' पिछले कई महीने से रिलीज के लिए तैयार है तो बिल्कुल रिलीज टाइम पर फिल्म के नाम पर आपत्ति कैसे हो सकती है। फिल्म का नाम बहुत पहले से ही निर्धारित है।
निर्देशक आनंद कुमार निर्देशित फिल्म ‘जिला गाजियाबाद’ में संजय दत्त, अरशद वारसी, विवेक ओबेराय और मिनिषा लांबा ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं। इस फिल्म को रिलीज करने से पहले कुछ संगठनों द्वारा फिल्म का विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को गाजियाबाद जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन भी हुआ। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के रिलीज को रोकने की मांग की है।
फिल्म की रिलीज का मामला अदालत भी पहुंच गया है, जहां प्रदर्शन को लेकर अदालत में याचिका दायर की गई है। इस याचिका पर 15 फरवरी को फैसला आने की संभावना है। ‘जिला गाजियाबाद’ फिल्म पर रोक लगाने के लिए रस्म सामाजिक व रचनात्मक सहयोग मंच संस्था के अलावा कुछ और संगठनों ने इसका विरोध किया है। प्रदर्शन करने वालों का कहना है कि यह फिल्म गाजियाबाद जिले की छवि को खराब करती है।