सार
सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ जल्द ही रिलीज होने वाली है। इन दिनों अभिनेता अपनी इस फिल्म का खूब प्रमोशन कर रहे हैं। हाल ही में सलमान खान मुंबई के इवेंट में नजर आए। इस मौके पर उनकी मुलाकात कुछ फैंस से हुई। फैंस ने सलमान को देखते ही उनके पैर छूना शुरू कर दिया। जानिए, इसके बाद क्या रहा अभिनेता का रिएक्शन?
ईद के खास मौके पर सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ रिलीज होगी। इस फिल्म का क्रेज अभी से दर्शकों के बीच साफ नजर आने लगा है। हाल ही में अभिनेता सलमान टीबी मुक्त भारत जागरुकता क्रिकेट मैच के मुंबई इवेंट में नजर आए। इस जगह पर उनके साथ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी दिखे। मंच पर सलमान, एकनाथ शिंदे के साथ बैठे थे, तभी कुछ फैंस उनसे मिलने पहुंचे और अभिनेता के पैर छू लिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल है।
जागरुकता कार्यक्रम का हिस्सा बने अभिनेता-नेता
शनिवार को मुंबई में टीबी मुक्त भारत जागरुकता क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। इसमें नेता 11 और अभिनेता 11 की क्रिकेट टीम के बीच मैच हुआ। इस कार्यक्रम में सलमान खान और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंच पर साथ नजर आए। इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘टीबी मुक्त भारत पीएम मोदी का सपना है। नेता और अभिनेता इस विजन को पूरा करने के लिए एक मंच पर आए हैं। इसके लिए सभी को बधाई। ’ अनुराग ठाकुर नेता 11 के कैप्टन बने थे और अभिनेता 11 के कैप्टन एक्टर सुनील शेट्टी थे।
क्या रहा सलमान खान का रिएक्शन
जब मंच पर सलमान खान बैठे थे, तभी कुछ लड़कियां आकर उनके पैर छूने लगीं, ये सभी अभिनेता के फैंस थीं। इन लड़कियों की उम्र भी अधिक नजर नहीं आ रही थी। सलमान ने पहले उन्हें ऐसा करने से रोका, इसके बाद सीट से खड़े हो गए। अभिनेता ने उन लड़कियों के साथ काफी देर तक बात की।
‘सिकंदर’ को लेकर उत्साहित हैं सलमान खान
सलमान खान अपनी फिल्म ‘सिकंदर’ की रिलीज को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म की अच्छी-खासी एडवांस बुकिंग भी होने लगी है। फिल्म में सलमान खान डबल रोल में नजर आएंगे। वह फिल्म में एक किरदार सिकंदर का और एक किरदार संजय राजकोट का निभाते हुए दिखेंगे।
फिल्म में ये कलाकार भी आएंगे नजर
सलमान खान की 'सिकंदर' में साउथ फिल्मों के नामी कलाकार भी अभिनय कर रहे हैं। इसमें काजल अग्रवाल, रश्मिका मंदाना, किशोर और सत्यराज शामिल हैं। सत्यराज फिल्म में विलेन के रोल में नजर आ सकते हैं। वह दक्षिण भारतीय फिल्म ‘बाहुबली’ में कटप्पा का किरदार निभाकर देश भर में मशहूर हुए थे। इस फिल्म को एआर मुरुगादॉस ने निर्देशित किया है।