शुक्रवार को रिलीज हो रही भारत की पहली डांस थ्रीडी फिल्म 'एबीसीडी' की टीम रिलीज से एक दिन पहले अमर उजाला के नोएडा ऑफिस आयी। इस टीम में फिल्म के निर्देशक रीमो डीसूजा, मुख्य कलाकार प्रभु देवा और फिल्म के निर्माता सिद्वार्थ राय कपूर थे।
सवाल-जवाबों के बीच रीमो डिसूजा ने कहा कि इस डांस फिल्म की थीम उनके दिमाग में 15 साल से है। भारत, जहां डांस को इतना महत्व दिया जाता है में डांस फिल्म बननी ही चाहिए। यह सोच सालों से मेरे दिमाग में है जिसे मैने आज तक जिंदा रखा है। 'एबीसीडी' एक ऐसी फिल्म है जो लोगों को डांस के लिए प्रेरित करेगी।
इस मौके पर प्रभु देवा ने कहा कि यह फिल्म मेरे कॅरियर का अहम हिस्सा है। ऐसा पहली बार हुआ है जब मैं किसी फिल्म में हिंदी में संवाद बोल रहा हूं। यह मेरे लिए एक चैलेंज जैसा रहा है। प्रभु देवा ने कहा कि डांस को लेकर देश में एक अच्छा माहौल है और यह फिल्म युवाओं को अच्छी लगेगी।
फिल्म के निर्माता सिद्वार्थ राय कपूर ने कहा कि जब रीमो इस फिल्म की स्क्रिप्ट लेकर मेरे पास आए तो मैने इसे बनाने में बिल्कुल देर नहीं की। यह फिल्म हर उस युवा को अट्रैक करेगी जिसका डांस से थोड़ा भी मतलब है। थ्रीडी फॉर्मेट में यह फिल्म और भी भव्य हो गयी है।