अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की फिल्म '102 नॉट आउट' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। दर्शक से लेकर समीक्षक तक भी इसकी तारीफ कर रहे हैं। अब इस फिल्म के मेकर्स और क्रू को एक और बड़ी खुशखबरी मिली है। खुद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दफ्तर ने राष्ट्रपति भवन में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखने की मांग की है।
फिल्म के निर्देशक उमेश शुक्ला ने कहा, 'किसी भी फिल्म मेकर के लिए यह गर्व की बात है कि उसकी फिल्म की स्क्रीनिंग राष्ट्रपति भवन में हो। मैं जानना चाहता हूं कि उन्हें फिल्म कैसी लगी।' राष्ट्रपति भवन में अपनी फिल्म की स्क्रीनिंग पर ऋषि कपूर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, 'खुशी से ज्यादा यह सम्मान की बात है।'
फिल्म 102 नॉट आउट पिता और बेेटे के रिश्ते की कहानी है। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने 102 साल के पिता और ऋषि कपूर ने 75 साल के बेेटे का किरदार निभाया है। भूषण कुमार ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है। फिल्म 4 मई को रिलीज हुई।