साल 2024 की बहुचर्चित फिल्म 'फाइटर' बॉक्स ऑफिस पर धमाल दिखा रही है। ऋतिक रोशन, दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर जैसे स्टार्स से सजी यह फिल्म दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है। इनके अलावा फिल्म में करण सिंह ग्रोवर और संजीदा शेख भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं। लोगों को संजीदा शेख का किरदार काफी पसंद आ रहा है। फिल्म में कई इमोशनल दृश्य उन पर फिल्माए गए हैं। अभिनेता ऋतिक रोशन को भी फिल्म में संजीदा का काम बेहद अच्छा लगा है। उन्होंने अभिनेत्री की काफी तारीफ की है। अब संजीदा भी सोशल मीडिया पर ऋतिक रोशन के तारीफों के पुल बांधती दिखाई दे रही हैं।
ऋतिक को बताया सबसे ईमानदार
संजीदा शेख टेलीविजन इंडस्ट्री की सबसे मशहूर नामों में से एक नाम हैं। टेलीविजन के बाद अब वे फिल्मों में भी हाथ आजमा रही हैं। 'फाइटर' फिल्म में वे 'सांची गिल' का किरदार निभा रही हैं। दर्शकों को उनका यह किरदार बेहद पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके काम की तारीफ कर रहे हैं। फिल्म में उनके सह अभिनेता रहे ऋतिक रोशन ने भी उनके काम की काफी सराहना की है। ऋतिक से अपनी तारीफ सुनकर संजीदा बेहद खुश हुई हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर ऋतिक को जवाब देते हुए लिखा है, 'आप बॉलीवुड के सबसे ईमानदार और मेहनती अभिनेता है। आपकी वजह से मैं अपने जीवन का सर्वश्रेष्ठ काम कर पाई हूं। शुक्रिया इस हौसलाफजाई के लिए।'
क्या कहा था ऋतिक ने
सोशल मीडिया पर इन दिनों ऋतिक काफी एक्टिव दिख रहे हैं। एक यूजर ने जब 'फाइटर' फिल्म में संजीदा शेख की एक्टिंग की तारीफ की तब ऋतिक भी उनसे सहमति दिखाते हुए बोलें, 'मैं आपकी बातों से पूर्णतः सहमत हूं। संजीदा सच में बेहतरीन अभिनेत्री हैं। उनके साथ काम करना मेरे लिए भी काफी सुखद रहा है। उनकी वजह से फिल्म के कई इमोशनल दृश्य बेहतरीन बने हैं।'
'फाइटर' की कमाई
'फाइटर' फिल्म में पहली बार ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की जोड़ी दर्शकों के सामने है और दर्शक जमकर इन दोनों की इस खूबसूरत जोड़ी पर प्यार लुटा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अभी तक लगभग 280 करोड़ रुपये बॉक्स ऑफिस पर कमा लिए हैं।