बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन आखिरी बार वर्ष 2022 की क्राइम-ड्रामा फिल्म 'विक्रम वेधा' में नजर आए थे। यह इसी नाम की तमिल फिल्म की हिंदी रीमेक थी। हालांकि, सुपरस्टार की यह मूवी दर्शकों को थिएटर तक नहीं ला सकी और बॉक्स ऑफिस पर कमाई करने में असफल रही। वहीं, ऋतिक इन दिनों अपनी अपकमिंग एक्शन फिल्म 'फाइटर' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। फिल्म के एलान के बाद से ही फैंस का उत्साह हाई है। इसी को और ज्यादा बढ़ाने के लिए मेकर्स ने फिल्म से एक्टर का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया है।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म 'फाइटर' से ऋतिक रोशन का फर्स्ट लुक सामने आ चुका है। इसमें हम ऋतिक के किरदार का पिछला हिस्सा देख सकते हैं। तस्वीर में एक्टर, फाइटर जेट के इंजन को हाथ से छूते नजर आ रहे हैं। यह पोस्टर टॉम क्रूज की टॉप गन: मेवरिक की झलक दे रहा है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है, और फैंस इसे देखकर ताबड़तोड़ रिएक्शन दे रहे हैं।
ऋतिक रोशन ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म से अपना फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है। एक्टर के कैप्शन से साफ हो रहा है कि 'फाइटर' सात महीने बाद यानी 25 जनवरी, 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले सिद्धार्थ आनंद की अगली फिल्म 'फाइटर' पर क्रिटिक्स समेत दर्शकों की भी निगाहें टिकी हुई हैं। 'फाइटर' में दीपिका पादुकोण, ऋतिक रोशन के अपोजिट नजर आने वाली हैं। वहीं, इस मूवी में अनिल कपूर भी मुख्य भूमिका में हैं, और यह योजनाबद्ध एरियल एक्शन फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म है। निर्माता इस फिल्म की मार्केटिंग भारत की पहली एरियल एक्शन फिल्म के रूप में भी कर रहे हैं।