द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट को भारत में रिलीज करने की तैयारी की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी रिलीज की तारीख 23 दिसंबर बताई जा रही है। इसी दिन रणवीर सिंह की 'सर्कस' बड़े पर्दे पर आ रही है।
बॉलीवुड के सुपरस्टार रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म 'सर्कस' का ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही फिल्म सुर्खियों में बनी हुई है। निर्देशक रोहित शेट्टी की इस फिल्म में रणवीर सिंह डबल रोल में नजर आएंगे। वहीं, अब फिल्म की रिलीज से जुड़ी हुई एक खबर सामने आ रही है।भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पाकिस्तान के मशहूर एक्टर फवाद खान की सुपरहिट फिल्म 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' भी रिलीज होगी। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि 'सर्कस' और 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' एक ही दिन सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। यदि ऐसा होता है तो रणवीर और फवाद आमने सामने होंगे, ये स्थिति दोनों एक्टर्स के लिए अग्निपरीक्षा जैसी होगी।
विज्ञापन
फवाद की फिल्म 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' पाकिस्तान में हिट साबित हुई है, वहीं फिल्म विदेश में खूब सराही गई। फिल्म अब तक कुल 200 करोड़ से अधिक का बिजनेस कर चुकी है। 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' को देखने के लिए भारतीय दर्शक काफी उत्सुक थे, लेकिन यह फिल्म भारत में रिलीज नहीं हुई थी। लेकिन अब यह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' के 23 दिसंबर को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है। जी स्टूडियो फिल्म को रिलीज करने की दिशा में काम कर रहा है। फिल्म के रिलीज को लेकर पूरी तस्वीर अगले सप्ताह तक स्पष्ट हो पाएगी।
यदि रणवीर और फवाद की फिल्म एक साथ रिलीज होती है तो इस बात की पुरजोर संभावना है कि दोनों ही फिल्मों के कारोबार पर असर पड़ सकता है। फिलहाल 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' की रिलीज को लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।