फरहान अख्तर ने 'भाग मिल्खा भाग' के लिए जिस तरह का शरीर बनाया है उसे बनाए रखने के लिए वह आगे भी वैसी ही एक्सरसाइज करते रहेंगे।
'भाग मिल्खा भाग' में शीर्षक भूमिका निभाने के लिए फरहान अख्तर ने अपनी जीवन शैली बदल दी थी। उन्होंने न केवल अपनी डाइट का पूरा खयाल रखा था, बल्कि एक एथलीट की लचीली बॉडी पाने के लिए उन्होंने जाने माने फिजिकल ट्रेनर समीर जउरा की देख रेख में जमकर कसरत भी की थी।
इतना ही नहीं, सुबह सुबह दौड़ लगाना तो जैसे उनकी आदत में शामिल हो चुका था। अब खबर यह है कि फरहान ने अपनी कसरतें जारी रखने का निर्णय लिया है। वे अब भी सुबह आठ बजे फिजिकल ट्रेनर की देख रेख में कसरत करने जाते हैं।
इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी डाइट भी न बदलने का फैसला किया है। वे नाश्ते में ब्राउन ब्रेड और अंडे का सफेद भाग लेते हैं।
उन्हें लंच में सिर्फ दो सोया रोटियों और हरी सब्जियों की जरूरत होती है। इसके अलावा वे एक गिलास जूस लेना पसंद करते हैं। रात के खाने में वे ग्रीन सलाद या फिश पसंद करते हैं।