बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने जुहू स्थित घर के बाहर फैंस से मिलने आते हैं। उनके इस खास अंदाज को फैंस प्यार से ‘संडे दर्शन’ कहते हैं। जब भी अमिताभ बच्चन मुंबई में होते हैं, वह अपने घर के बाहर आकर फैंस का अभिवादन जरूर करते हैं और उन्हें प्यार देने के लिए धन्यवाद कहते हैं।
भीड़ और तेज गर्मी से बेहोश हुआ फैन
इस बार अमिताभ बच्चन का संडे दर्शन थोड़ा अफरा-तफरी भरा हो गया। दरअसल, रविवार को भारी भीड़ और तेज गर्मी के बीच एक फैन के बेहोश होने की खबर सामने आई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर चिंता बढ़ गई।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि अमिताभ बच्चन सफेद कपड़ों में अपने घर के बाहर फैंस का अभिवादन करने पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ और गर्मी की वजह से एक फैन अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला, पानी दिया और उसके लिए जगह बनाई। हालांकि फिलहाल उस फैन की हालत कैसी है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।