कोरोना का संक्रमण खत्म होने या काबू में आने के बाद की जिंदगी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस दौरान तमाम बड़ी हिंदी फिल्में सीधे ओटीटी पर रिलीज होकर दर्शकों तक पहुंची हैं। लेकिन, तैयारी अब इस बात की हो रही है कि सिनेमाघर खुलने के बाद भी लोगों को उनके घर में बैठे बैठे ही फर्स्ट डे फर्स्ट शो का मजा दिलाया जाए। ऐसा कैसे होगा, हम दे रहे हैं आपको पूरी जानकारी।
शायद आपको पता न हो लेकिन देश के तमाम रईसों के घरों, बंगलों या फार्महाउसेज पर मिनी थिएटर बने हुए हैं। 15-20 सीटों वाले इन सिनेमाघरों में रिक्लाइनर कुर्सियां लगी होती हैं और सामने बिल्कुल थिएटर जैसा पर्दा होता है। साउंड के इंतजाम यहां कई बार सिनेमाघरों से बेहतर होते हैं। इन घरेलू थिएटर्स में नई फिल्में सैटेलाइट के जरिए एक मोटी फीस लेकर दिखाई जाती है। ये फीस एक तय अवधि के लिए होती है, जिसके दौरान आप कितनी बार भी ये फिल्म देख सकते हैं।