एकता कपूर की आने वाली फिल्म 'एक थी डायन' अभी से सुर्खियों में है। अपने नाम और स्टारकॉस्ट की वजह से यह फिल्म पहले से ही चर्चा में रही है। अब इस फिल्म से जुड़ी नयी चर्चा सामने आयी है। सुनने में आया है कि 'एक थी डायन' फिल्म की टीम इलाहाबाद में चल रहे महाकुंभ में डुबकी लगाएगी। गंगा स्नान का यह कार्यक्रम 10 फरवरी को होना है।
बालाजी मोशन पिक्चर्स के मुख्य प्रबंध अधिकारी तनुज गर्ग ने बताया कि महाकुंभ एक बड़ा आयोजन है, इसलिए हमारी पूरी टीम ने यह फैसला लिया है कि हम महाकुंभ में भागीदारी करेंगे। इससे कलाकारों के साथ फिल्म के लिए भी पुण्य प्राप्त होगा। महाकुंभ में डुबकी लगाने के लिए अभी तक इमरान हाशमी और हुमा कुरैशी का नाम फाइनल हो चुका है। बाकी की दो नायिकाओं कोंकणा सेन शर्मा और काल्की कोचलीन का कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है।
कुंभ में स्नान के लिए हुमा और इमरान आठ की रात को ही संगम के तट पर पहुंच जाएंगे। वह वहां गंगा नदी के किनारे बनाए गए अति सुरक्षित टेंट में रहेंगे। उनके साथ एकता कपूर के रहने की संभावना है। विशाल भारद्वाज और एकता द्वारा निर्मित 'एक थी डायन' का निर्देशन कनन अय्यर ने किया है। फिल्म 18 अप्रैल को रिलीज होगी।